Advertisement

लड़की का पीछा करने के आरोप में हरियाणा BJP अध्यक्ष का बेटा गिरफ्तार, जमानत मिली

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष के बेटे को लड़की का पीछा के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अब आरोपी को जमानत भी मिल गई है।
लड़की का पीछा करने  के आरोप में हरियाणा BJP अध्यक्ष का बेटा गिरफ्तार, जमानत मिली

हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को एक लड़की का पीछा करने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार लिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक भाजपा नेता के बेटे पर देर रात लड़की की गाड़ी का पीछा करने का आरोप है। पीड़ित लड़की आईएएस की बेटी है। लड़की द्वारा अपनी आपबीती को फेसबुक पर साझा करने के बाद यह मामला वायरल हो गया है।

चंडीगढ़ पुलिस डीएसपी सतीश कुमार के मुताबिक, "लड़की से शिकायत मिलने के बाद, हमने विकास बराला और आशीष कुमार दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और तुरंत उन्हें गिरफ्तार कर लिया।"  पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विकास और आशीष को जमानत मिल गई है। आरोपी विकास कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में लॉ स्टूडेंट है।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी युवक शराब के नशे में थे और देर रात लड़की की कार का पीछा कर रहे थे। युवकों ने ग्रेन मार्किट चौक से लड़की का पीछा करना शुरू किया था, साथ ही उन्होंने कई बार लड़की की गाड़ी पर हाथ मारा। चंडीगढ़ पुलिस के एएसपी सतीश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को पीड़ित की ओर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की सफारी काफी वक्त से उसका पीछा कर रही है। लड़की की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सफारी कार को रोका।

कोई राजनीतिक दबाव नहीं

जब पूछा गया कि क्या पुलिस को हरियाणा के सत्तारूढ़ दल के नेता के बेटे को बचाने के लिए राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ा, तो डीएसपी ने कहा कि पुलिस पर कोई राजनीतिक दबाव नहीं है। डीएसपी ने जोर देकर कहा, "कोई राजनीतिक दबाव नहीं है। कोई फोन कॉल (राजनेताओं के) नहीं था। इस मामले में जो भी कार्रवाई की गई वह लड़की के वक्तव्य के आधार पर थी।"

सीएम खट्टर के बोल

इस मामले पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "मुझे पता चला है कि चंडीगढ़ पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है और मुझे लगता है कि चंडीगढ़ पुलिस मामले की ठीक से जांच करेगी। मैं कानून में विश्वास करता हूं।"

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad