Advertisement

कोर्ट में पेश होने के बाद बोले राहुल- हमारी लड़ाई विचारधारा की है, इनके खिलाफ लड़ेंगे और जीतेंगे

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) मानहानि मामले में मंगलवार को भिवंडी की स्थानीय कोर्ट में पेश होने...
कोर्ट में पेश होने के बाद बोले राहुल- हमारी लड़ाई विचारधारा की है, इनके खिलाफ लड़ेंगे और जीतेंगे

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) मानहानि मामले में मंगलवार को भिवंडी की स्थानीय कोर्ट में पेश होने के बाद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मेरी विचारधारा की लड़ाई है और मैं इनके खिलाफ लडूंगा और हम जीतेंगे।

महाराष्ट्र के भिवंडी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारी लड़ाई प्रधानमंत्री जी की गलत नीतियों के खिलाफ है, जिनके कारण आज हिंदुस्तान का किसान त्रस्त है। जो हमारे युवा हैं, उनके पास रोजगार नही है, यही हमारी लड़ाई है।

देश में 15-20 अमीर लोगों की सरकार चल रही है, राहुल गांधी का आरोप

साथ ही, कांग्रेस अध्यक्ष ने ये भी कहा कि देश में 15-20 अमीर लोगों की सरकार चल रही है। मोदी जी के बारे में मीडिया से सब कुछ पता चलता रहता है। आगे उन्होंने कहा, मगर जो काम की बात है- रोजगार और किसानों की रक्षा, उसके बारे में नरेंद्र मोदी जी कुछ नहीं कहते हैं। इसको लेकर हमारी लड़ाई है।

महंगाई के बारे में एक शब्द नहीं बोलते पीएम मोदी: राहुल 

राहुल ने कहा, महंगाई के बारे में, पेट्रोल-डीजल के दाम के बारे में नरेंद्र मोदी जी एक शब्द नहीं कहते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर तो ये केस लगाते रहते हैं। ठीक है जितना लगना हो, लगाएं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हमारी विचारधारा की लड़ाई है। इनके खिलाफ लड़ेंगे और हमारी जीत होगी।

राहुल गांधी पर तय हुआ आरोप

इससे पहले इस मामले में मंगलवार को भिवंडी की स्थानीय कोर्ट ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आरोप तय किए हैं। वहीं, कोर्ट में राहुल गांधी ने खुद को निर्दोष बताया है। उन्‍होंने सफाई देते हुए कहा कि वह दोषी नहीं हैं।

बताया जा रहा है कि सुनवाई के दौरान राहुल के साथ अदालत में पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक चव्‍हाण और अशोक गहलोत भी मौजूद थे। दरअसल, संघ कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने 2014 में भिवंडी में राहुल गांधी का भाषण सुनने के बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया था। राहुल ने उस भाषण में कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के पीछे आरएसएस का हाथ था। मानहानि का ये मामला छह मार्च 2014 को एक चुनावी रैली में राहुल गांधी के कथित बयान से जुड़ा है। इस बयान में राहुल गांधी ने आरएसएस को महात्मा गांधी की हत्या से जोड़ा था।

राहुल गांधी ने कहा- 'मैं दोषी नहीं हूं'

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राहुल गांधी आज भारी सुरक्षा के बीच 11.10 बजे भिवंडी में कोर्ट पहुंचे, जहां उनके समर्थन में लोग नारे लगा रहे थे। वहीं, कोर्ट के अंदर जब न्यायाधीश ए आई शेख ने उनके खिलाफ आरोप पढ़े, तो गांधी ने कहा, 'मैं दोषी नहीं हूं'।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मुंबई आगमन पर मुंबई कांग्रेस ने उनके स्वागत के लिए एक हजार ऑटो रिक्शा वालों को तैयार किया है। कोर्ट में पेशी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मुंबई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे।

जानिए क्या बोले थे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने 7 जुलाई 2014 को भिवंडी की एक रैली में कहा था कि आरएसएस के लोगों ने महात्मा गांधी की हत्या की थी। इसके खिलाफ आरएसएस की भिवंडी शाखा के सचिव राजेश कुंटे ने भारतीय दंड संहिता की धारा 499 (मानहानि) व 500 के तहत शिकायत की है। शिकायत में दावा किया गया है कि राहुल के इस बयान से आरएसएस की छवि धूमिल हुई है और उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।  

पिछले सप्ताह मुंबई कांग्रेस प्रमुख संजय निरूपम ने कहा था कि राहुल गांधी दिन में करीब 11 बजे यहां पास की भिवंडी अदालत में पेश होंगे। दो मई को कोर्ट ने राहुल गांधी से 12 जून को उसके सामने पेश होने को कहा था। आरएसएस के एक स्थानीय कार्यकर्ता राजेश कुंते ने यह मामला दर्ज कराया था।

कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी कोर्ट में पेशी के बाद मुंबई में पार्टी से जुड़े कुछ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के महाराष्ट्र दौरे को लेकर ब्यौरा जारी किया गया है। इसके मुताबिक वह सुबह 11 बजे भिवंडी की अदालत पहुंचेंगे। फिर 2.30 बजे मुंबई के गोरेगांव में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पार्टी के नगर सेवकों से संवाद करेंगे।

इस दौरान राहुल गांधी 'शक्ति' नाम की एक परियोजना की शुरुआत भी करेंगे। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं से सीधे बीतचीत की जा सकेगी और अलग-अलग मुद्दों पर उनकी राय भी ली जा सकेगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad