Advertisement

किसानों को मिले नकली कीटनाशक, कृषि निदेशक गिरफ्तार

कपास उत्पादकों को नकली कीटनाशक की आपूर्ति के मामले में कथित संलिप्तता के चलते पंजाब के कृषि निदेशक मंगल सिंह संधू को गिरफ्तार किया गया है।
किसानों को मिले नकली कीटनाशक, कृषि निदेशक गिरफ्तार

नकली कीटनाशक के इस्तेमाल के चलते किसानों की फसल कीट-पतंगों के हमले से सुरक्षित नहीं रह पाई और कीटनाशक के इस्तेमाल के बावजूद फसल बर्बाद हो गई। 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बठिंडा के एक पुलिस दल ने संधू को कल देर रात उनके चंडीगढ़ स्थित आवास से गिरफ्तार किया। बठिंडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इंद्रमोहन सिंह भट्टी ने कहा, संधू को आज बठिंडा की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। संधू का नाम पुलिस जांच के दौरान सामने आया था। जांच के अनुसार, संधू ने आपूर्तिकर्ताओं से नकली कीटनाशक की आपूर्ति करने के लिए कथित तौर पर धन लिया था।

दो सितंबर को बठिंडा पुलिस ने नकली कीटनाशकों की आपूर्ति से जुड़ा एक मामला दर्ज किया था और कीटनाशक आपूर्तिकर्ता के एक प्रतिनिधि को पकड़ा था। उस प्रतिनिधि ने यह खुलासा किया था कि नकली कीटनाशक की आपूर्ति के लिए कृषि निदेशक ने कथित तौर पर रिश्वत ली थी। कपास की फसल को पतंगों द्वारा पहुंचे भारी नुकसान के चलते किसानों और विपक्षी कांग्रेस के गुस्से का सामना कर रही पंजाब सरकार ने 17 सितंबर को संधू को उनके पद से हटा दिया। हालांकि संधू ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का रूख किया, जिसने उनकी बर्खास्तगी पर रोक लगा दी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad