Advertisement

सुषमा के क्षेत्र में किसान ने की खुदकुशी, सरकारी सिस्‍टम को बताया दोषी

विदिशा में किसान राजू सिंह रघुवंशी ने मरने से पहले सुसाइड नोट में सरकार के अपाहिज सिस्टम को जिम्मेदार बताते हुए लिखा कि सरकारी सिस्टम ने उसे मरने को मजबूर कर दिया।
सुषमा के क्षेत्र में किसान ने की खुदकुशी, सरकारी सिस्‍टम को बताया दोषी

उसने लिखा कि पहले कुदरत ने कहर बरपाया, फिर फसल बीमा की राशि से थोड़ी आस बंधी थी। वो भी चकनाचूर हो गयी। कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा था। महीने भर से सेंट्रल बैंक का वसूली अधिकारी चक्कर काट रहा था। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत भी किया, उसके बाद भी कहीं से राहत नहीं मिली। जब अपाहिज सिस्टम ने कुछ नहीं किया, तब उसने खुद को खत्म करने का फैसला किया और राजू पांच पेज का सुसाइड नोट लिखकर खेत में जाकर फांसी का फंदा बनाकर लटक गया।

 जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर बसे ग्राम नोघई में राजू सिंह ने 31 जनवरी को आत्महत्या कर ली थी। उस समय सुसाइड नोट पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया था। शुक्रवार को सुसाइड नोट के सामने आने पर उसकी मौत की असली वजह उजागर हुई है।

राजू के अनुसार मेरी मां के नाम करीब 15 बीघा जमीन है। वर्ष 2015-16 में कर्ज लेकर सोयाबीन की फसल लगाई थी। शुरुआती दौर में बोवनी करने के बाद फसल बर्बाद हो गई। फिर अतिवृष्टि से फसल चौपट हो गई। इस कारण सेंट्रल बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड के रूप में लिया गया 2 लाख रुपए का कर्ज सिर पर चढ़ गया। परिवार का खर्च चलाने के लिए 4 माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से 95 हजार का कर्ज था।

मुझे उम्मीद थी कि बीमा राशि मिलने पर कर्ज से निजात मिलेगी। इसके लिए गंजबासौदा के सेंट्रल बैंक के चक्कर लगाए। लेकिन यहां से भी सिर्फ आश्वासन मिले। 15 दिसंबर को सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की, लेकिन महीने भर बाद भी कोई जवाब नहीं आया। सीएम शिवराज सिंह ने 10 दिसंबर को खुद घोषणा की थी हर किसान के खाते में बीमा की राशि आ जाएगी। लेकिन उनकी घोषणा झूठी निकली। अब मैं कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा हूं। इसके लिए मैं स्वयं जिम्मेदार हूं। मेरे परिवार के किसी भी सदस्य को परेशान न किया जाए। मेरी मौत के लिए मेरे अलावा शासन भी जिम्मेदार है।

इस हादसे के बाद मृतक राजू की पत्नी जमना बाई सदमे में है। वहीं बड़ी बेटी ऋतु और बेटा राजा सरकारी तंत्र से नाराज हैं। सरकारी स्कूल में कक्षा 10वीं टॉप करने वाली ऋतु ने कहा कि घटना के दिन 31 दिसंबर को उसके पिता सुबह के समय खेत पर घास काटने गए थे। स्कूल से लौटने के बाद उन्हें अपने पिता की मौत का पता चला। बेटी ने आरोप लगाया कि पिता की मौत के लिए सरकारी तंत्र जिम्मेदार है। यदि पिता को समय पर फसल बीमा मिल जाता तो शायद उनकी जान नहीं जाती। वहीं मृतक राजू के भाई देवेन्द्र का कहना था कि इस जमीन के भरोसे ही उनके 13 सदस्यों का परिवार पलता है। पिछले तीन साल से लगतार फसल खराब हो रही थी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad