Advertisement

खुली जेल है हरियाणाः भाजपा सांसद

भाजपा सांसद राजकुमार सैनी एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। उन्होंने हरियाणा में अपनी ही पार्टी की सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि हरियाणा एक खुली जेल में बदल गया है जहां 36 में से 35 बिरादरी के लोग घुटकर जी रहे हैं।
खुली जेल है हरियाणाः भाजपा सांसद

इन्हें किसी तरह की आजादी नहीं है। सैनी ने लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बैनर तले कुरुक्षेत्र में समानता महासम्मेलन के बहाने रैली कर अपना शक्ति प्रदर्शन तो किया, लेकिन कोई बड़ा ऐलान नहीं किया। अलग पार्टी बनाने की चर्चाओं को फिलहाल विराम लग गया क्योंकि सांसद ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और ऐलान किया कि फैसला वर्ष 2019 यानी लोकसभा चुनाव के समय लेंगे।

जाट आरक्षण के खिलाफ खुलकर बोलने वाले सांसद ने रैली में इशारों-इशारों में ही निशाना साधा। सांसद सैनी ने कहा कि जुल्म सहने वाला भी दोषी है। घुटकर जीना खुली जेल में रहने जैसा है। प्रदेश में 35 बिरादरी का आदमी खुली जेल में रह रहा है। कहने को हम आजाद हैं, लेकिन न बोलने की आजादी है, न आर्थिक और न्यायिक आजादी है। उन पर और तंवर (कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष) पर हमला करने वालों को सम्मानित किया जाता है। एक वर्ग विशेष के सम्मान में गाने बने हुए हैं। उन पर हमला करने वालों के विरूद्ध लगी धारा 307 दबाव में हटा दी गई। वे सांसद हैं, लेकिन उन पर भी कई तरह के अंकुश लगाने का प्रयास होता है। राजनीतिक आजादी नहीं है। विधायकों के हाथ में पावर नहीं है। मंच से वक्ताओं ने यूं तो प्रदेश सरकार पर कोई कटाक्ष नहीं किया, लेकिन प्रदेश में 35 बिरादरी के हितों के साथ अनदेखी और शोषण का भी आरोप जड़ा। वक्ताओं ने सांसद सैनी को भावी सीएम के तौर पर प्रोजेक्ट किया। 

महात्मा ज्योतिबा फूले की पुण्यतिथि पर समानता महासम्मेलन के बहाने सांसद ने कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में रैली की। लेकिन इस कार्यक्रम से भाजपाइयों ने दूरी बनाए रखी। भाजपा के स्थानीय विधायक और सैनी के संसदीय क्षेत्र के विधायक भी नहीं आए। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी एक कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र में थे, लेकिन रैली से दूर रहे। वहीं केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा, बिहार से सांसद अजय निषाद, पूर्व विधायक रोशनलाल आर्य पहुंचे थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad