Advertisement

गोधरा कांड का मुख्य आरोपी 14 साल बाद गिरफ्तार

गोधरा ट्रेन कांड के 14 सालों के बाद बुधवार को गुजरात एटीएस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साल 2002 में हुए गोधरा ट्रेन कांड में 59 कार सेवक मारे गए थे जिसके बाद पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे जिनमें सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई थी।
गोधरा कांड का मुख्य आरोपी 14 साल बाद गिरफ्तार

गुजरात एटीएस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि फारूक मोहम्मद भाना को गोधरा ट्रेन कांड में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि भाना गोधरा कांड के मुख्य आरोपियों में से एक है जिसने 27 फरवरी 2002 को गोधरा स्टेशन पर ट्रेन को आग लगाने की साजिश रची थी। आतंकवाद रोधी दस्ते के अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय भाना गोधरा में पार्षद था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मुंबई चला गया और वहां जाकर प्रोपर्टी ब्रोकर बन गया। एटीएस के एक अधिकारी ने बताया, एक गुप्त सूचना के आधार पर हमने पंचमहल जिले में कलोल कस्बे के समीप एक टोल प्लाजा से भाना को पकड़ लिया। आज वह मुंबई से गोधरा जा रहा था। वह गोधरा कांड का मुख्य साजिशकर्ता है।

 

मामले में दर्ज प्राथमिकी में भाना पर आरोप लगाया गया है कि गोधरा रेलवे स्टेशन के समीप अमन गेस्ट हाउस में अन्य आरोपियों के साथ बैठक के दौरान उसने एस 6 कोच को आग के हवाले करने की साजिश रची थी। उसने तथा एक अन्य पार्षद बिलाल हाजी ने कथित रूप से अन्य आरोपियों को मौलाना उमरजी से मिले निर्देशों के अनुसार ट्रेन कोच को आग लगाने को कहा था। उमरजी को घटना के मुख्य साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार किया गया था लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया। साबरमती एक्सप्रेस के एस 6 कोच में आग लगने से 59 लोगों की जान चली गई थी। घटना के बाद राज्य में बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे जिनमें एक हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad