Advertisement

मप्र नगरपालिका चुनावों में बीजेपी ने मुंह की खाई

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के लिए खतरे की घंटी बजना शुरू हो गई है। हाल ही में हुए नगरपालिका चुनावों में भाजपा ने फिर मुंह की खाई है। राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाली कांग्रेस ने जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। मध्यप्रदेश में हुए तीन नगर पालिका चुनावों के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में गए हैं। तीनों ही जगहों पर बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। तीनों विजेताओं के जीत का अंतर ज्यादा है। भोपाल में हिंदू उत्सव समिति के चुनाव में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा है।
मप्र नगरपालिका चुनावों में बीजेपी ने मुंह की खाई

प्रदेश के मैहर और मंडीदीप नगरपालिका तथा ईसागढ़ नगर परिषद के लिए हुए चुनाव में हाल में ही मैहर विधानसभा सीट जीतने वाली भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के धर्मेश घई ने भाजपा के धीरज पांडे को 4 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है। भोपाल से लगे मंडीदीप नगरपालिका में भी भाजपा हार गई है। मंडीदीप में कांग्रेस के बद्रीलाल चौहान ने भाजपा के राजेन्द्र अग्रवाल को 5 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराया। अशोक नगर जिले की ईसागढ़ नगर परिषद में कांग्रेस के भूपेन्द्र द्विवेदी ने भाजपा के हरिवल्लभ को हरा दिया।

तीनों नगरपालिकाओं की सीटों पर पहले भाजपा का कब्जा था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान के अलावा पार्टी के कई बड़े नेता और मंत्री तीनों उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने गए थे। मैहर में तो मुख्यमंत्री चौहान ने कई बड़ी घोषणाएं भी की थीं। विधानसभा उपचुनाव के समय इस इलाके के लिए उन्होंने कई योजनाओं का ऐलान किया था, लेकिन जनता ने पालिका चुनाव में उनकी इन ऐलानों पर कोई ध्यान नहीं दिया।


मुख्यमंत्री ने इस चुनाव परिणाम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई है। पार्टी की तरफ से भी हार-जीत को चुनाव को सामान्य बताकर टाल दिया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हार की मुख्य वजह प्रत्याशियों का गलत चुनाव रहा है। उधर कांग्रेस ने इस चुनाव परिणाम को जनता की जीत बताया है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जीत के लिए मतदाताओं का आभार जताया है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा है कि सरकारी मशीनरी और पैसे का दुरूपयोग कर बीजेपी चुनाव जीतती रही है। अब छोटी जगहों की जनता ने उसे हराकर स्पष्ट संदेश दे दिया है। नगरपालिकाओं की छोटी-छोटी जीत प्रदेश में कांग्रेस के लिये मील का पत्थर साबित होंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad