Advertisement

विप्लव देव होंगे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री

विप्लव कुमार देव त्रिपुरा के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें आज अगरतला में भाजपा विधायक दल का नेता...
विप्लव देव होंगे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री

विप्लव कुमार देव त्रिपुरा के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें आज अगरतला में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले जिष्णु देव बर्मन उपमुख्यमंत्री होंगे। इसकी घोषणा बतौर पर्यवेक्षक यहां आए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की। विप्लव० ने बताया कि उनकी सरकार नौ मार्च को 10.30 बजे शपथ लेगी। इसमें भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री और भाजपा शासित राज्यों को आमंत्रण भेजा गया है।


भाजपा विधायकों की बैठक के बाद गडकरी ने कहा कि विप्लव का चयन सर्वसम्मति से किया गया है। अभी विप्लव भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष हैं। यहां मिली पार्टी की जोरदार सफलता के बाद उनका नाम मुख्यमंत्री के लिए सबसे आगे चल रहा था। उन्होंने कहा कि जिष्णु देव बर्मन बतौर उपमुख्यमंत्री उनके साथ काम करेंगे।


विप्लव के नाम का प्रस्ताव विधायक सुदीप राय बर्मन ने किया। इसका सभी विधायकों ने एक स्वर में अनुमोदन किया। अब वह राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। भाजपा की चुनावी सहयोगी इंडिजिनियस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आइएफटी) का एक भी विधायक बैठक में मौजूद नहीं था। आइएफटी ने मांग की थी कि राज्य का मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय से हो। आइएफटी ने सोमवार को यह धमकी दी थी कि अगर पार्टी को सम्मानजनक स्थान नहीं मिला तो वह सरकार में शामिल नहीं होगी और अगर उसकी शर्तें नहीं मानी गई तो वह सरकार को बाहर से समर्थन देगी। भाजपा को 60 सदस्यीय विधानसभा में 35 और आइएफटी को आठ सीटें मिली हैं।

जिष्णु देव बर्मन राज्य में भाजपा की जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री चुना जाना उनके लिए गर्व का विषय है। मैं और विप्लव जी सभी विधायकों के साथ राज्य को विकास के पथ पर ले जाएंगे और त्रिपुरा को नंबर एक बनाएंगे। शिक्षा, ग्रामीण और जनजातीय विकास प्रमुख मुद्दे हैं जिनपर सबसे पहले ध्यान दिया जाएगा।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad