Advertisement

तस्वीरें: पंजाब में रुझानों में 'आप' की बढ़त बरकरार, भगवंत मान के घर के बाहर जश्न का माहौल

आज पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना चल रही है। शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बहुमत...
तस्वीरें: पंजाब में रुझानों में 'आप' की बढ़त बरकरार, भगवंत मान के घर के बाहर जश्न का माहौल

आज पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना चल रही है। शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई सभी अनुमानों से कहीं बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है। अभी तक के रुझानों में आप को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है। पार्टी के 117 में से 85 से ज्‍यादा सीटों पर जीतने के आसार बन रहे हैं। अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं तो भगवंत मान का पंजाब का अगला मुख्‍यमंत्री बनना तय है। रुझानों को देखकर आम कार्यकर्ताओं ने जश्‍न मनाना शुरू कर दिया है। दिल्‍ली में एक समर्थक ने अपने बेटे को पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के रूप में तैयार किया। इससे पहले दिल्‍ली के विधानसभा चुनाव में आप की जीत के बाद भी नन्‍हा केजरीवाल नजर आया था।

पंजाब में आम आदमी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन पर दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी ऑफिस के बाहर पार्टी के समर्थक जश्न मनाते हुए दिखे।

पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के सीएम चेहरा भगवंत मान के घर पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। उनके घर पर जश्न मनाना शुरू हो गया है। उनके घरों के फूलों से सजाया जा रहा है और सेलेब्रेशन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंजाब अमृतसर ईस्ट में कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया पीछे चल रहे हैं जबकि आम आदमी पार्टी की जीवन ज्योत ने पहले दौर के बाद बढ़त बना ली है।

रूझानों में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बहुमत का आंकड़ा पार किया है। 'आप' के चंडीगढ़ कार्यालय से जश्न का माहौल है। आप नेता राघव चड्ढा ने कहा, "हमने तो पंजाबियों को कहा था कि झाड़ू चला दो, पंजाबियों ने तो वैक्यूम क्लीनर ही चला दिया।"

अब तक के रुझानों में पार्टी को 89 सीटों पर बढ़त मिल गई है, वहीं कांग्रेस 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। पंजाब में कुल 117 सीटों पर मतगणना चल रहा है। आज राज्य के कुल 1,304 उम्‍मीदवारों की किस्‍मत का फैसला होना है।

आम आदमी पार्टी नेता व दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के लोगों ने केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को एक मौका दिया है।आज पूरे देश में ये स्पष्ट हो गया है कि लोग सोचते हैं कि अगर केजरीवाल होंगे तो ईमानदारी से व्यापार, रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा मिल सकती है। 

सिसोदिया ने कहा कि बाबा साहब, भगत सिंह का सपना आज पूरा हुआ है। ये रास्ता अब धीरे-धीरे अब पूरे देश में जाएगा। पंजाब में आम आदमी पार्टी की नहीं आम आदमी की जीत हुई है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा ने कहा कि हम पहले दिन से कह रहे थे कि आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। पंजाब के लोगों ने भगवंत मान और केजरीवाल की जोड़ी को गले से लगाया है। पंजाब की सियासत के बड़े बड़े लोगों के सिंहासन डोल गए, उनकी अपनी सीटों पर भी हालत खराब है।

 

बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को वोटिंग हुई थी। 117 विधानसभा सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए बहुमत के लिए 59 सीटों की जरूरत है। पिछले कुछ सालों में यहां अकाली दल और कांग्रेस का दबदबा दिखा है, लेकिन भाजपा-अकाली गठबंधन में टूट और अमरिंदर सिंह के कांग्रेस से अलग होने से इस बार समीकरण बदल गए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad