मुंबई की एक अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह गुरुवार को शहर पहुंचे हैं। परमबीर सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं अदालत के निर्देशानुसार जांच में शामिल होऊंगा।"
महाराष्ट्र में जबरन वसूली के मामले का सामना कर रहे आईपीएस अधिकारी ने बुधवार को न्यूज चैनलों को बताया था कि वह चंडीगढ़ में हैं। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने अब सिंह को गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान कर दी है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में परमबीर सिंह के वकील ने जानकारी दी थी कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह देश से भागे नहीं हैं, वो पुलिस से छुप रहे हैं क्योंकि उन्हें अपनी जान का खतरा है। वकील ने बताया कि परमबीर सिंह भारत में ही हैं और मुंबई पुलिस से जान का खतरा होने के कारण से वे सामने नहीं आ रहे हैं। उनके वकील ने कोर्ट को बताया था कि परमबीर 48 घंटे के अंदर किसी भी सीबीआई अधिकारी या कोर्ट के सामने पेश होने को तैयार है।
बता दें कि मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से हटाए जाने के बाद परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख पर कई आरोप लगाए थे। परमबीर सिंह ने कहा था कि देशमुख ने उनसे मुंबई के रेस्तरां और दुकानों से हर महीने 100 करोड़ रुपये की उगाही किए जाने का आदेश दिया था। पुलिस ने बताया कि उनकी तलाश की जा रही हैं, लेकिन उनका पता नहीं चल पा रहा है।