Advertisement

दिग्विजय सिंह और अमृता राय ने कर ली शादी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और पत्रकार अमृता राय ने शादी कर ली है। अमृत राय ने इस शादी और पिछले डेढ़ साल के कटु अनुभव पर बेबाकी से फेसबुक पर लिखा है।
दिग्विजय सिंह और अमृता राय ने कर ली शादी

अमृता ने आज खुद फेसबुक पर शादी की बात सार्वजनिक करते हुए लिखा है, मैंने और दिग्विजय सिंह ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है। बाद में हम दोनों ने शादी का पंजीकरण भी करवाया। 

करीब डेढ़ साल पहले अमृता राय और दिग्विजय सिंह की कुछ निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद दोनों के संबंधों का खुलासा हुआ था। उस वक्त दिग्विजय सिंह ने इस संबंध को स्वीकार करते हुए कहा था कि वह दोनों वक्त आने पर शादी करेंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि अमृता राय से संबंध कबूलने में उन्‍हें कोई हिचक नहीं है। तभी से दोनों की जल्‍द शादी के कयास लगाए जा रहे थे। गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह की पत्नी का कुछ साल पहले देहांत हो चुका है। 

दिग्विजय सिंह के अमृता राय से शादी करने की खबर आज अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में भी प्रकाशित हुई। अखबार ने अपने सूत्रों के हवाले से इस खबर का खुलासा किया है। दिग्विजय सिंह अमेरिका में बताए जाते हैं अमृता राय भी इन दिनों छुट्टी पर हैं। 

 

मेरे साथ अपराधियों जैसा बर्ताव हुआ-अमृता

इस मौके पर अमृता राय ने फेसबुक पोस्‍ट के जरिये उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया है जो मुश्किल वक्‍त में उनके साथ खड़े रहे। उन्‍होंने लिखा, पिछला डेढ़ साल उनके लिए खासतौर पर तनावपूर्ण और आघात पहुंचाने वाला रहा। मैं एक साइबर क्राइम का शिकार हुई लेकिन मेरे साथ अपराधी जैसा बर्ताव हुआ। मुझे बेहद अपमानजनक भाषा में प्रताड़‍ित किया गया जबकि मेरा कोई कसूर नहीं था। जिनकी खुद प्रेम या मर्यादा में कोई अस्‍था या समझ नहीं है, उन्‍होंने सोशल मीडिया पर मुझे बेइज्‍जत करने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान, मैं खुद और दिग्विजय के प्रति अपने प्रेम में भरोसा रखते हुए चुप रही और अपने काम में जुटी रही। 

उम्र के अंतर पर उठते रहेंगे सवाल 

अमृता राय ने आगे लिखा है, उन दोनों के बीच उम्र के अंतर को लेकर सवाल उठते रहे हैं और आगे भी उठते रहेंगे। लेकिन इस उम्र में वह जानती हैं कि उनके लिए क्‍या सही है और विवेकानुसार वह अपने निर्णय ले सकती हैं। हम एक आधुनिक, प्रगतिशील भारत में रहते हैं और संवैधानिक व कानून तंत्र मुझे अपनी जिंदगी के बारे में फैसला लेने का हक देता है। 

प्रेम की खातिर दिग्विजय से विवाह किया 

अमृत राय ने लिखा है, वह यह भी जानती है कि उनके इस फैसले के पीछे मकसद तलाशे जाएंगे। ऐसे मामलों में केवल समय ही आखिर निर्णायक है। उन्‍हें अपनी पेशेवर क्षमताओं पर पूरा भरोसा है और वह अपनी व्‍यक्तिगत और पारिवारिक जिम्‍मेदारी खुद उठाती रहेंगी। उन्‍होंने दिग्विजय सिंह से प्रेम की खातिर विवाह किया है। इसलिए दिग्विजस से पहले ही उनकी सारी संपत्ति अपने बेटे और बेटियों के नाम करने की गुजारिश कर चुकी हैं। 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad