Advertisement

शाह की रैली में 'गोली मारो...' के नारे लगाने के आरोप में तीन भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

कोलकाता में रविवार को गृहमंत्री अमित शाह की रैली के दौरान ‘गोली मारो...’ नारे लगाने के आरोप में तीन...
शाह की रैली में 'गोली मारो...' के नारे लगाने के आरोप में तीन भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

कोलकाता में रविवार को गृहमंत्री अमित शाह की रैली के दौरान ‘गोली मारो...’ नारे लगाने के आरोप में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।

न्यू मार्केट पुलिस थाने में नारे लगाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ शियाकत दर्ज की गई थी। बता दें कि रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कोलकाता में रैली को संबोधित किया था। अमित शाह की रैली में जाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह ने देश के गद्दारों को... का नारा लगाया था और हाथ में पार्टी का झंडा ले रखा था। शहीद मीनार इलाके में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में आयोजित रैली में हिस्सा लेने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों से भारी तादाद में भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक रविवार को यहां जुटे थे। अब पुलिस ने इसपर कार्रवाई करते हुए तीन बीजेपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

मौके से मिली वीडियो फुटेज में लोगों को भगवा रंग के कपड़े पहने और भाजपा के झंडे लहराते हुए नारे लगाते देखा जा सकता है। इस दौरान लोगों को आपत्तिजनक नारा लगाते भी सुना जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा  कार्यकर्ताओं के खिलाफ न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन में भड़काऊ नारे लगाने की शिकायत दर्ज कराई गई। जिसके बाद पुलिस ने तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

कड़ी कार्रवाई की मांग

वामपंथियों और कांग्रेस ने नारे के लिए भाजपा की तीखी आलोचना की और ममता बनर्जी सरकार से नारे लगाने  वालों के खिलाफ '' ठोस कार्रवाई '' करने की मांग की। वाम मोर्चा विधायक दल के नेता और सीपीआई-एम के सांसद सुजन चक्रवर्ती ने कहा, " बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहर के बीचोंबीच गोली मारो का नारा बुलंद किया। राज्य सरकार को नारा लगाने वालों की पहचान करनी चाहिए और दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।"

कांग्रेस विधायक मनोज चक्रवर्ती ने कहा, "भाजपा देश को कयामत की ओर ले जा रही है, वे कोलकाता में भी इस नारे को लगा रहे हैं। ममता बनर्जी को यह देखना होगा कि इन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।"

दिल्ली के मेट्रो स्टेशन में भी लगे थे नारे

इस घटना के एक दिन पहले सीएए के समर्थकों के एक छोटे समूह को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। इस समूह ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के अंदर और बाहर "गोली मारो ..." का नारा लगाया था।

'गोली मारो' पर क्या बोले अनुराग ठाकुर

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर भी "गोली मारो ..." नारा लगाने के आरोप लगे थे। दिल्ली में हिंसा भड़की तो उनपर भी आरोप लगा कि हिंसा भड़काने में उनके बयान का भी हाथ है। अब अनुराग ठाकुर ने कहा है कि दिल्ली में हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, अपने विवादित बयान पर पूछे गए सवाल को अनुराग ठाकुर ने यह कहकर टाल दिया कि यह मामला अब कोर्ट में है। उन्होंने सवाल पूछने वाले पत्रकार को जानकारी सुधारने की नसीहत भी दे डाली।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad