Advertisement

चार दिन लेट केरल पहुंचा मानसून

चार दिन की देरी की बाद शुक्रवार को मानसून केरल पहुंच गया है। राज्‍य के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान मानसून के आगे बढ़ने की उम्‍मीद जताई है। आगामी 22-23 जून तक यह उत्‍तर व उत्‍तर पश्चिमी भारत पहुंच सकता है।
चार दिन लेट केरल पहुंचा मानसून

नई दिल्‍ली। मानसून चार दिन बाद आज केरल पहुंच गया है। केरल के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई है। इस तरह भारत में मानसून सीजन का आगाज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा, दक्षिण-पश्चिमी मानसून शुक्रवार 5 जून को केरल पहुंच गया है, जबकि इसके आने की समान्य तिथि एक जून होती है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून समूचे दक्षिण अरब सागर, मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, समूचे लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक एवं तमिलनाडु के कुछ तटवर्ती इलाकों और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में आगे बढ़ा है। अगले 48 घंटे के बारे में अनुमान है कि मानसून के कर्नाटक, तमिलनाडु, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्‍तर भारत में आगे बढ़ेगा। शुरुआत में माैसम विभाग ने मानूसन के 30 मई को केरल पहुंचने का अनुमान जताया था। लेकिन मानसून ने चकमा दे दिया और यह चार दिन बाद केरल पहुंचा है। 

इस साल देश में सूखे का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने सामान्‍य के मुकाबले 88 फीसदी बारिश की उम्‍मीद जताई है। उत्‍तर-पश्चिमी भारत में सूखे का सबसे ज्‍यादा खतरा है। जिसका असर देश के कृषि उत्‍पादन, महंगाई और पूरी अर्थव्‍यवस्‍था पर पड़ सकता है। हालांकि, वित्‍त मंत्री अरुण जेटली और कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कमजोर मानसून की स्थिति से निपटने का दावा किया है।  

 

22-23 जून तक उत्तर भारत पहुंचेगा मानसून  
अरब सागर से आगे बढ़ते हुए मानसून के 22-23 जून तक उत्‍तर व उत्‍तर-पश्चिमी भारत के इलाकों तक पहुंचने की उम्‍मीद है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन में केरल और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के प्रमुख डीएस पई ने कहा कि जुलाई मध्य तक पूरे देश को मानसून कवर कर लेगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad