Advertisement

हमारी एकता और भाईचारा बहुत बड़ी पूंजी-पीएम मोदी

लाल किले की प्राचीर से दूसरी बार संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के एकता और सद्भाव कायम रखने पर जोर दिया है।
हमारी एकता और भाईचारा बहुत बड़ी पूंजी-पीएम मोदी

आज पूरा देश बड़ी धूमधाम से 69वां स्‍वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से दूसरी बार राष्ट्रीय ध्वज को फहराया है। लाल किले की प्राचीर से संबोधित करते हुए उन्‍होंने देशवासियों को स्‍वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। इस मौके पर उन्‍होंने कहा है कि हमारी एकता, सरलता, आपसी भाईचारा और सद्भाव बहुत बड़ी पूंजी है। इस पूंजी पर कभी दाग नहीं लगनी चाहिए। चाहे जातिवाद का जहर हो, सांप्रदायिकता का जुनून हो उसे पनपने नहीं देना है। सरकार की 15 महीने की उपलब्धियों पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा है कि सरकार पर एक नए पैसे के भ्रष्‍टाचार का आरोप नहीं है। आपने जिस सपने के लिए हमें बैठाया, उसे पूरा करने के लिए हर जुल्म सहता रहूंगा। हर अवरोधों का सामना करूंगा।  

टीम इंडिया पर जोर 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश को टीम इंडिया के तौर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। उन्‍होंने कहा कि सवा सौ करोड़ देशवासी ही टीम इंडिया हैं। देश टीम इंडिया की वजह से आगे बढ़ रहा है। लोकतंत्र में जनभागीदारी सबसे बड़ी पूंजी होती है। अगर हम देश को सवा सौ करोड़ देशवासियों की भागीदारी से चलाएंगे तो देश हर पल सवा सौ करोड़ कदम आगे चलेगा।  

गरीबी से जंग 

लंबे समय से चले आ रहे गरीबी हटाओ के नारे को थोड़ा बदलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी से मुक्ति की बात कही है। लाल किले से देश को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि कोई भी व्‍यक्ति गरीब गरीबी में गुजारा नहीं करना चाहेगा। वह गरीबी से जंग चाहता है। शासन व्यवस्था की सार्थकता इस बात में है कि हमारी योजनाएं गरीबों के कल्याण के लिए हों। 

एक साल में पैदा हुआ नया विश्‍वास 

मोदी ने कहा कि मोदी ने कहा कि बीते एक साल के दौरान देश में एक नया विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि 17 करोड़ लोगों ने प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंदर खाते खुलवाए है। दो लाख स्कूलों में सवा लाख शौचालय बनाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। जीरो बैंलेंस अकाउंट खोलने के बावजूद 20 हजार करोड़ रुपये जमा किए गए। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं इन गरीबों की अमीरों को सलाम करना चाहता हूं। स्वच्छ भारत के अभियान के बारे में उन्‍होंने कहा कि अब बच्चे मां-बाप को गंदगी फैलाने से रोकते हैं।ये बच्चे स्वच्छ भारत अभियान के सबसे बड़े अंबेसडर बने। वे मां-बाप को रोकते हैं। देश भर के सभी स्‍कूलों में शौचालय बनाने में करीब-करीब सफलता पाई है। 

वन रैंक, वन पेंशन का फिर भरोसा दिलाया 

पीएम मोदी ने पूर्व सैनिकों को एक बार फिर भरोसा दिलाते हुए कहा कि वन रैंक वन पेंशन को सैद्धांतिक तौर पर मंजूरी मिल चुकी, संगठनों से बातचीत चल रही है। जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। जैसा कि उम्‍मीद की जा रही थी, प्रधानमंत्री मोदी ने वन रैंक, वन पेंशन की योजना को लागू करने का ऐलान नहीं किया। इससे पूर्व सैनिकों में निराशा है। 

निराशा पर निशाना 

मोदी ने निराशावाद पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को निराशा के गर्त में डूबने का शौक होता है। जब तक चार लोग निराशा की बात न करें तो उन्हें रात को नींद नहीं आती। कुछ लोग बीमार होते हैं तो वे चाहते नहीं कि पता चले बीमारी क्या है? फिर कुछ ऐसे होते हैं जो खुद बीमारी की बात करते हैं घंटों। हर बात पर कानून बनाना फैशन बन गया है, यह गुड गवर्नेंस के लिए ठीक नहीं है। हमें कानूनों को सरल और उपयोगी बनाना होगा। अधिक कानूनों से न्यायपालिका पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

कृषि मंत्रालय का बदलेगा नाम

मोदी ने ऐलान किया है कि कृषि मंत्रालय अब किसान कल्याण मंत्रालय के रूप में जाना जाएगा। वैसे ही किसान कल्याण की योजनाएं बनेंगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad