Advertisement

अंतरिक्ष में भारत ने 'मिशन शक्ति' को दिया अंजाम, लो अर्थ ऑर्बिट में मार गिराया सैटेलाइट: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश को संबोधित करते हुए भारत की ओर से अंतरिक्ष में 'मिशन शक्ति'...
अंतरिक्ष में भारत ने 'मिशन शक्ति' को दिया अंजाम, लो अर्थ ऑर्बिट में मार गिराया सैटेलाइट: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश को संबोधित करते हुए भारत की ओर से अंतरिक्ष में 'मिशन शक्ति' को अंजाम देने जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अंतरिक्ष में एक सैटेलाइट को मार गिराया है। पीएम ने बताया कि लो अर्थ ऑर्बिट ( LEO) सैटेलाइट को मार गिराना एक पूर्व निर्धारित लक्ष्य था, इस मिशन को सिर्फ 3 मिनट में पूरा किया गया है। इस उपलब्धि के साथ आज भारत अंतरिक्ष में महाशक्ति बन गया है। भारत ने इस मिशन को 'मिशन शक्ति' का नाम दिया है। 

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज कुछ ही समय पूर्व भारत ने एक अभूतपूर्व सिद्धि हासिल की है। भारत ने आज अपना नाम अंतरिक्ष महाशक्ति यानी स्पेस पावर के रूप में दर्ज करा दिया है। अब तक दुनिया के तीन देश- अमेरिका, रूस और चीन को यह उपलब्धि हासिल थी। अब भारत चौथा देश है, जिसने आज यह सिद्धी प्राप्त की है। हर हिंदुस्तानी के लिए इससे बड़े गर्व का पल नहीं हो सकता। कुछ ही समय पूर्व हमारे वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में 300 किलोमीटर दूर एलईओ में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘लो ऑर्बिट में यह लाइव सैटेलाइट, जो कि एक पूर्व निर्धारित लक्ष्य था, उसे एंटी सैटेलाइट मिसाइल द्वारा मार गिराया गया है। सिर्फ तीन मिनट में सफलतापूर्वक यह ऑपरेशन पूरा किया गया है। मिशन शक्ति यह अत्यंत कठिन ऑपरेशन था, जिसने बहुत ही उच्च कोटि की तकनीकी क्षमता की आवश्यकता थी। वैज्ञानिकों द्वारा सभी निर्धारित लक्ष्य और उद्देश्य प्राप्त कर लिए गए हैं। हम सभी भारतीयों के लिए यह गर्व की बात है कि यह पराक्रम भारत में ही विकसित एंटी सैटेलाइट ए-सैट मिसाइल द्वारा विकसित किया गया है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों ने इस मिशन के सभी लक्ष्यों को हासिल किया है, इसके लिए भारत में निर्मित सैटेलाइट का इस्तेमाल किया गया था। आज हमारे पास पर्याप्त संख्या में सैटेलाइट हैं जो कृषि, रक्षा, सुरक्षा, संचार समेत कई क्षेत्रों में सहायता मिल रही है। इसके तहत रेलवे को भी फायदा मिलेगा।

'यह कोशिश शांति के लिए है, युद्ध के लिए नहीं'

मोदी ने कहा कि भारत की कोशिश किसी देश को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं है, बल्कि रक्षात्मक रवैया अपनाने के लिए है। हमारा ये ऑपरेशन किसी भी तरह की संधि का उपयोग भी नहीं करता है, जिससे देश में सुरक्षा और शांति का माहौल बना रहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी कोशिश शांति बनाए रखना है ना कि युद्ध का माहौल बनाना।

इसस पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा था, "मेरे प्यारे देशवासियों, आज सवेरे लगभग 11.45 - 12.00 बजे मैं एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आप के बीच आऊंगा।"

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad