Advertisement

पाक का संघर्ष विराम उल्लंघन जारी, मोर्टार बम हमले में आठ नागरिकों की मौत

भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाक की तरफ से संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी है। मंगलवार को जम्मू क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से मोर्टार बम दागे जाने की घटनाओं में आठ नागरिकों की मौत हो गई और 22 अन्य लोग घायल हो गए। भारतीय फौज ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की 14 चौकियों को ध्वस्त कर दिया।
पाक का संघर्ष विराम उल्लंघन जारी, मोर्टार बम हमले में आठ नागरिकों की मौत

मंगलवरा तड़के से ही पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी बस्तियों और सैन्य चौकियों तथा नियंत्रण रेखा पर सांबा, जम्मू, पुंछ और राजौर जिलों में मोर्टार बम दागे। सेना ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने 120 एवं 82 एमएम के मोर्टार बम जैसे भारी कैलिबर हथियारों का इस्तेमाल किया। सांबा की उपायुक्त शीतल नंदा ने बताया, सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में आज मोर्टार बम के कारण पांच लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया, उसी इलाके में मोर्टार बम दागे जाने से सदमे के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई। तीन घायलों का उपचार रामगढ़ अस्पताल में हुआ, वहीं अन्य को जम्मू के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजौरी के उपायुक्त शबीर अहमद भट्ट ने बताया कि राजौरी जिले के मंजाकोट क्षेत्र के राजगढि़यां सीमा स्थित बस्तियों पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से की गई गोलीबारी और मोर्टार बम दागे जाने से दो महिलाओं की जान चली गई। उन्होंने बताया कि जिले के नौशेरा सेक्टर में पड़ोसी देश के सैनिकों द्वारा मोर्टार बम दागे जाने से सेना के तीन पोर्टर घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस  ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से दागे गए मोर्टार बम पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में गिरा, जिससे तीन लोग घायल हो गए। पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम का उल्लंघन किए जाने पर भारतीय सेना ने भी कड़ी जवाबी कार्रवाई की जिसमें दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad