Advertisement

छठे चरण से पहले मोदी-शाह और प्रियंका उत्तर प्रदेश में झोंकेंगे ताकत, आज कई रैलियां

पांच चरण के चुनाव के बाद 424 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। आगामी दो चरणों में बाकी 118 सीटों पर मतदान...
छठे चरण से पहले मोदी-शाह और प्रियंका उत्तर प्रदेश में झोंकेंगे ताकत, आज कई रैलियां

पांच चरण के चुनाव के बाद 424 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। आगामी दो चरणों में बाकी 118 सीटों पर मतदान होना है, जिसके लिए सियासी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कांग्रेस महासचिव की ताबड़तोड़ रैलियां जारी है, तो वहीं दूसरी ओर महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और रैलियों में लगे हैं। गुरुवार को दिग्गज नेताओं का जमावड़ा उत्तर प्रदेश में है।

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के बचे दो चरणों के लिए और ज्यादा ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, जौनपुर और प्रयागराज में परेड ग्राउंड में विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे बंगाल के बांकुरा और पुरुलिया में भी जनसभा के जरिए जनता तक अपनी बात पहुंचाएंगे। मोदी पश्चिम बंगाल के बांकुरा में सुबह 10 बजे पहली जनसभा करेंगे। दूसरी जनसभा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में सुबह 11:40 बजे प्रस्‍तावित है। इसके बाद उत्‍तर प्रदेश के आजमगढ़ में उनकी तीसरी रैली दोपहर 3:10 बजे होगी। पीएम मोदी की चौथी रैली शाम 4:45 बजे यूपी के जौनपुर में होगी। इसके बाद शाम 6:40 बजे पीएम मोदी संगम नगरी प्रयागराज में पांचवीं जनसभा करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर और सुल्तानपुर में सभाएं करेंगे। शाम को वो वाराणसी में संतों से भेंट करेंगे।


 

राहुल-प्रियंका की रैलियां

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली में दो बैक टू बैक ईस्ट दिल्ली और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में रैली करेंगे। राहुल गांधी गुरुवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे रामलीला मैदान में कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए जनसभा रैली को संबोधित करेंगे।

जबकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी आज यूपी के प्रतापगढ़ और जौनपुर में जनता को संबोधित करते हुए दिखाई देंगी।

मायावती हरियाणा में करेंगी संबोधित

यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती बृहस्पतिवार को दूसरी बार हरियाणा में होंगी। मायावती कुरुक्षेत्र और पानीपत में रैलियों को संबोधित करेंगी। इनमें एक सीट पर बसपा तो दूसरी पर लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी चुनाव लड़ रही है। बसपा व लोसुपा में हुए गठबंधन समझौते के अनुसार 8 सीटों पर बसपा और 2 सीटों पर  लोसुपा के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मायावती की पहली रैली कुरुक्षेत्र में होगी। यहां से बसपा उम्मीदवार शशि सैनी चुनाव मैदान में हैं। कुरुक्षेत्र रैली के जरिये मायावती अंबाला लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगी। दूसरी रैली पानीपत में है। इस रैली के माध्यम से मायावती करनाल, सोनीपत और रोहतक संसदीय क्षेत्रों को कवर करेंगी।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad