Advertisement

ऐतिहासिक कदमः लड़ाकू विमान उड़ाएंगी महिलाएं

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए भारत सरकार ने भारतीय वायु सेना के लड़ाकू बल में महिलाओं को शामिल किए जाने की मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय वायु सेना के लड़ाकू दस्ते में महिला पायलटों के पहले बैच का चयन वायु सेना अकादमी के मौजूदा बैच में से किया जाएगा।
ऐतिहासिक कदमः लड़ाकू विमान उड़ाएंगी महिलाएं

सरकार के इस कदम को ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि इसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। मंत्रालय के प्रवक्ता सितांशु कार ने मंत्रालय के इस फैसले की जानकारी दी है।

गौरतलब है कि 83वें वायु सेना दिवस पर वायुसेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल अरूप राहा ने कहा था, ‘हमारी महिला पायलट परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर उड़ाती हैं, अब हम भारत की युवा महिलाओं की आकांक्षा से कदम मिलाने के लिए उन्हें लड़ाकू बल में शामिल करने की योजना बना रहे हैं।’ उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें इस बात में कोई शक नहीं है कि महिलाएं लड़ाकू पायलट बनने के लिए किसी भी शारीरिक बाधा को पार करने में सक्षम हैं। गौरतलब है कि भारतीय वायु सेना में इस समय 1500 महिलाएं कार्यरत हैं जिनमें 94 पायलट हैं।

इससे पहले वायुसेना ने महिलाओं को इस भय से युद्धक बल में शामिल करने से मना कर दिया था कि लड़ाई की स्थिति में दुश्मन द्वारा विमान को मार गिराए जाने की स्थिति में महिलाएं बलात्कार जैसे अपराधों का शिकार हो सकती हैं। महिलाओं को वर्ष 2010 में दिल्ली हाईकोर्ट ने थल सेना एवं वायु सेना में दीर्घ अवधि की सेवा के लिए मंजूरी दी थी। पिछले महीने यही हक नौसेना में महिलाओं को मिला।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad