Advertisement

रक्षा सचिव में दिखाई दिए कोरोना के लक्षण, 35 अधिकारी क्वारेंटाइन, स्वास्थ्य मंत्रालय में भी कई अफसर संक्रमित

आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि रक्षा सचिव अजय कुमार में कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई दिए हैं। जिसके...
रक्षा सचिव में दिखाई दिए कोरोना के लक्षण, 35 अधिकारी क्वारेंटाइन, स्वास्थ्य मंत्रालय में भी कई अफसर संक्रमित

आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि रक्षा सचिव अजय कुमार में कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई दिए हैं। जिसके बाद कम से कम 35 अधिकारियों को क्वारेंटाइन पर भेजा गया है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय में भी कई अधिकारियों के संक्रमित पाए जाने की खबर है।

आधिकारिक सूत्रों ने जानकारी दी कि रक्षा सचिव अजय कुमार में बुधवार को कोविड-19 संक्रमण के लक्षण दिखाई दिए, जिसके बाद रक्षा मंत्रालय ने उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाने को लेकर व्यापक अभियान चलाया।

35 अधिकारी क्वारेंटाइन

बुधवार सुबह कुमार में लक्षण दिखाई देने की जानकारी होने के बाद रायसीना हिल्स के साउथ ब्लॉक में मंत्रालय के मुख्यालय में कार्यरत कम से कम 35 अधिकारियों को घरों में ही पृथक-वास में भेजा गया।

आधिकारिक बयान सामने नहीं आया

हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया कि रक्षा सचिव में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है अथवा नहीं? रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कुमार संक्रमित पाए गए हैं। माना जा रहा है कि सावधानी बरतने के मद्देनजर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यालय नहीं आए। रक्षा मंत्री, रक्षा सचिव, सेना प्रमुख और नौसेना प्रमुख के कार्यालय साउथ ब्लॉक के प्रथम तल पर हैं। तत्काल इस बात का पता नहीं चल पाया कि कुमार को किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है या नहीं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए जारी की गाइडलाइन

कोरोना वायरस से बचाव के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। मंत्रालय ने कई अधिकारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इन निर्देशों को जारी किया है। निर्देशों में अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, हमेशा मास्क लगाए रहने की हिदायत दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और स्वास्थ्य मंत्रालय के कई अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मंत्रालय ने साफ किया कि केवल मास्क पहने कर्मचारियों और अधिकारियों को ही कार्यालय में जाने की अनुमति दी जाएगी। मंत्रालय ने कोई फिजिकल मीटिंग न करने के भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके स्थान पर वर्चुअल मीटिंग/वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सलाह दी गई है।

देश में एक दिन में 9,304 मामले

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटों में 9,304 नए #COVID19 मामले सामने आए है और 260 मौतें हुई हैं। कुल मामलों की संख्या अब 2,16,919 हो गई है जिसमें 1,06,737 सक्रिय मामले, 1,04,107 ठीक / छुट्टी / माइग्रेट और 6,075 मौतें शामिल हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad