Advertisement

दिल्ली में बढ़ेगा लॉकडाउन? आज हो सकता है ऐलान

दिल्ली में छोटी अवधि के लिए लगाए लॉकडाउन के बाद भी राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के...
दिल्ली में बढ़ेगा लॉकडाउन? आज हो सकता है ऐलान

दिल्ली में छोटी अवधि के लिए लगाए लॉकडाउन के बाद भी राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के हालात चिंताजनक बने हुए हैं। लिहाजा दिल्ली सरकार कुछ और दिन के लिए लॉकडाउन को विस्तार देने पर विचार कर रही है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 19 अप्रैल को 6 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी जो सोमवार सुबह पांच बजे तक लागू होगा। संक्रमण की कड़ी को तोड़ने और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए यह लॉकडाउन लागू किया गया था।

दिल्ली सरकार के एक सूत्र ने कहा, ''छोटी अवधि के लॉकडाउन का उद्देश्य मामलों की संख्या को काबू करने के साथ ही स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती देने के लिए समय हासिल करना था। हालांकि, परिस्थितियां खराब से बदतर हो गई हैं। ऐसे हालात में एक और हफ्ते के लिए लॉकडाउन को विस्तार देना एक संभव विकल्प है।''

राष्ट्रीय राजधानी में मेडिकल ऑक्सीजन की भीषण कमी के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को इस जीवन रक्षक गैस की कमी से उबरने में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मदद के लिए सामने आने की गुहार लगाई।
श्री केजरीवाल ने कोरोना के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी से उत्पन्न ऑक्सीजन संकट से उबरने में राष्ट्रीय राजधानी को मदद करने की अपील करते हुए सभी मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा है। उन्होंने आज शाम ट्वीट करके यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा,“दिल्ली में ऑक्सीजन का उत्पादन नहीं होता है। गत कुछ दिनों से कोरोना के मामले भयावह रूप से बढ़ रहे हैं जिससे दिल्ली के कई अस्पतालों में ऑक्सीजन का गहरा संकट उत्पन्न हो गया है। दिल्ली को प्रतिदिन की मौजूदा खपत के अनुसार ऑक्सीजन की आपूर्ति बेहद कम है।"

श्री केजरीवाल ने कहा ,"इस दिशा में केन्द्र सरकार भी हमारी बहुत मदद कर रही है,लेकिन कोरोना के मामले के विकराल रुप से बढ़ने से ऑक्सीजन कम पड़ रही है। आप लोग ऑक्सीजन की कमी को एसओएस के रूप में लें। आप लोग इस मामले में किसी तरह से भी मदद करेंगे तो मैं आपका व्यक्तिगत रूप से आभारी रहूंगा।"



अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad