Advertisement

लालू यादव ने सीबीआई कोर्ट में किया सरेंडर, रिम्स में करा सकेंगे इलाज

चारा घोटाले में सजा काट रहे आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को रांची की सीबीआई अदालत में सरेंडर...
लालू यादव ने सीबीआई कोर्ट में किया सरेंडर, रिम्स में करा सकेंगे इलाज

चारा घोटाले में सजा काट रहे आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को रांची की सीबीआई अदालत में सरेंडर कर दिया। झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में सरेंडर करने के लिए लालू बुधवार को पटना से रांची पहुंचे थे। झारखंड हाई कोर्ट ने उन्‍हें 30 अगस्त तक सीबीआई अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। 

लालू पहले जेल, फिर जाएंगे अस्पताल

रांची की सीबीआई कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पहले उन्‍हें जेल भेजा जाएगा और उसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल भेजा जाएगा। कोर्ट के आदेश के बाद लालू यादव को बिरसा मुंडा जेल में शिफ्ट किया जाएगा। न्यायाधीश एस एस प्रसाद के सामने सरेंडर करने के बाद राजद प्रमुख के वकील प्रभात कुमार ने कहा कि लालू विभिन्न बीमारियों से पीड़ित हैं।  

डॉक्टरों से परामर्श के लिए बिरसा मुंडा जेल के डॉक्टरों को कोर्ट ने दिया निर्देश 

इस पर न्यायाधीश ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के इलाज वाले डॉक्टरों से परामर्श करने के लिए बिरसा मुंडा जेल के डॉक्टरों को निर्देश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद लालू यादव को बिरसा मुंडा जेल में शिफ्ट किया जाएगा। न्यायाधीश ने यह भी कहा कि लालू प्रसाद राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (आरआईएमएस) के डॉक्टर उमेश प्रसाद से अपना इलाज करवा सकते हैं।

मैं निर्दोष हूं, आज नहीं तो कल न्याय मिलेगा: लालू

झारखंड रवाना होने से पहले लालू यादव ने पटना में मीडिया से एक खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि बहुत जगह इलाज कराया लेकिन पूरी तरह से निरोग नहीं हुए। लालू यादव ने कहा, 'न्यायालय का आदेश है जब भी बीमार पड़ेंगे विचार किया जाएगा, अस्पताल में आराम करने का मुझे शौक नहीं है। न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। आज नहीं तो कल न्याय मिलना है।'

झारखंड हाइकोर्ट ने जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया था

चारा घोटाले से जुड़े मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव मेडिकल ग्राउंड पर पेरोल पर बाहर हैं। इससे पहले झारखंड हाइकोर्ट ने जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया था। लालू पिछले काफी समय से बीमार हैं। पहले दिल्ली में उनका इलाज चला और उसके बाद मुंबई में दिल का इलाज कराकर वो पटना लौटे थे। पटना से बुधवार को ही वो रांची पहुंच चुके हैं। इससे पहले उनके बेटे तेजस्वी यादव ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई थी।

मीडिया से बातचीत पर बोले लालू- चेहरे से ज्यादा महत्वपूर्ण मुद्दे हैं

लालू यादव ने बुधवार को महीनों बाद मीडिया से बातचीत की और सभी विषयों पर जमकर बोले। लालू का कहना है कि चेहरे से ज्यादा महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। जैसे मोदी ने जनता से क्या-क्या वादे किए थे और आम लोगों को असल में कितना लाभ पहुंचा। लालू के अनुसार, चुनाव का मुद्दा होगा- वादा तेरा वादा, वादे पर कितना काम किया।

लालू चारा घोटाला के तीन मामलों में जेल की सजा काट रहे हैं

गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले के देवघर कोषागार समेत सभी तीन मामलों में जेल की सजा काट रहे हैं। चारा घोटाला से जुड़े तीन मामलों में रांची स्थित सीबीआई अदालत ने दिसंबर, 2017 में लालू को सजा सुनाई थी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad