Advertisement

पीएम मोदी ने किशोर कुमार के बहाने इमरजेंसी को किया याद

इमरजेंसी के 43 साल बाद सत्ताधारी बीजेपी इमरजेंसी की घोषणा वाले उस दिन को काला दिवस के रूप में मना रही है।...
पीएम मोदी ने किशोर कुमार के बहाने इमरजेंसी को किया याद

इमरजेंसी के 43 साल बाद सत्ताधारी बीजेपी इमरजेंसी की घोषणा वाले उस दिन को काला दिवस के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपातकाल के उस दौर को 'काला दौर' बताया। पीएम मोदी ने मुंबई में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने देश के लोकतंत्र को जेल में डाल दिया वे आज डर फैलाते हैं कि मोदी संविधान में दखलंदाजी करेगा।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'जिस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, उससे लोकतंत्र के आदर्शों का पालन करने की उम्मीद नहीं की जा सकती।' उन्होंने कहा, 'जब किशोर कुमार जी ने उनके लिए गाने से मना कर दिया तो उनके गानों और फिल्मों को टीवी-रेडियो पर आने से रोक दिया गया था।'

पीएम मोदी ने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इमरजेंसी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। वे हमारे कटु आलोचक हैं फिर भी मैं उन्हें सलाम करता हूं।' उन्होंने कहा, 'युवाओं को नहीं पता कि इमरजेंसी के दौरान क्या हुआ था। वेे यह कभी नहीं जान पाएंगे कि बिना स्वतंत्रता के जीना कैसा होता है।'

पीएम मोदी ने किए तीन ट्वीट

इससे पहले पीएम मोदी ने आज सुबह इसे लेकर तीन ट्वीट किए। उन्होंने कहा, 'राजनीतिक शक्ति के लिए सिर्फ जनता ही नहीं बल्कि विचारों की आजादी को भी बंधक बनाया गया।' 25-26 जून, 1975 की रात लागू उस आदेश के बाद देश के हालात पर भी पीएम मोदी ने राय रखी। उन्होंने लिखा, 'मैं सभी पुरुषों और महिलाओं के जज्बे को सलाम करता हूं, जिन्होंने आपातकाल का पुरजोर विरोध किया।' पीएम मोदी ने कहा कि 43 साल पहले लागू किए गए आदेश को भारत काले दौर के तौर पर याद रखेगा, जहां सभी संस्थानों को दबाया गया और खौफ का माहौल पैदा किया गया।

उस दौर के विवादास्पद फैसलों और दमनकारी आदेशों की आलोचना करते हुए पीएम मोदी ने भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लिखना, बहस करना, सवाल करना हमारे लोकतंत्र के महत्वपूर्ण पहलू हैं। कोई भी ताकत हमारे संविधान के बुनियादी सिद्धांतों को कुचल सकती है।

आज भारतीय जनता पार्टी इमरजेंसी के खिलाफ देश भर में दिन भर काला दिवस मना रही है। 26 जून, 1975 को 43 साल पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल का ऐलान किया था। उस दिन सुबह 8 बजे इंदिरा गांधी ने रेडियो पर आपातकाल का ऐलान किया था।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad