Advertisement
16 April 2016

कल से दो दिवसीय ईरान दौरे पर सुषमा स्वराज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सऊदी अरब यात्रा के करीब दो हफ्ते बाद सुषमा तेल संपन्न ईरान की यात्रा पर जा रही हैं। गौरतलब है कि ईरान की ही तरह प्रभावशाली देश सउदी अरब उसे अपना प्रतिद्वंद्वी मानता है। भारत की ऊर्जा सुरक्षा और तेल एवं गैस संसाधनों से लैस मध्य एशियाई देशों तक उसकी पहुंच आसान बनाने के मद्देनजर ईरान भारत के लिए एक महत्वपूर्ण देश है।

मोदी की रियाद यात्रा के बाद सुषमा की तेहरान यात्रा को संतुलन बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। मोदी की रियाद यात्रा के दौरान भारत और सऊदी अरब ने कई समझौतों पर दस्तखत किए थे। ईरान से सुषमा रूस की राजधानी मॉस्को की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगी। रूस में सुषमा आरआईसी (रूस, भारत एवं चीन) के विदेश मंत्रियों की सालाना बैठक में शामिल होंगी। आरआईसी के इतर सुषमा अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात कर संयुक्त राष्ट्र में जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर पर प्रतिबंध लगाने की भारत की कोशिशों को चीन की ओर से बाधित करने का मुद्दा उठाएंगी।

तेहरान में रविवार को सुषमा अपने ईरानी समकक्ष मोहम्मद जावेद जरीफ से वार्ता कर द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगी। विदेश मंत्री ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी से भी मुलाकात करेंगी। इससे पहले, तेल मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नौ अप्रैल को दो दिन की तेहरान यात्रा पर गए थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: ईरान, तेल एवं व्यापार, सुषमा स्वराज, MEA, Iran, Narendra Modi, Riyadh, RIC, Hasan Ruhani
OUTLOOK 16 April, 2016
Advertisement