Advertisement
20 March 2015

जेल में ही रहेगा लखवी

पीटीआइ

लाहौर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश महमूद मकबूल बाजवा ने पंजाब सरकार द्वारा 14 मार्च को लोक व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े कानून के तहत 55 वर्षीय लखवी की हिरासत के आदेश के खिलाफ दायर उसकी याचिका को खारिज कर दिया। इससे पहले आज सुबह न्यायाधीश ने लखवी के वकील राजा रिजवान अब्बासी और विधि अधिकारी खावर इकराम भट्टी की दलीलों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था। अदालत के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, अदालत ने लखवी की याचिका खारिज करने की घोषणा करते हुए एक संक्षिप्त आदेश जारी किया।

लखवी ने गुरुवार को लाहौर उच्च न्यायालय में अपनी हिरासत को चुनौती दी थी और अदालत से अनुरोध किया था कि पंजाब गृह विभाग के आदेश को खारिज किया जाए जो इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है। अब्बासी ने कहा, सरकार ने मेरे मुवक्किल को मुंबई आतंकी हमले के मामले में जमानत मिलने के बाद से उसे चार बार हिरासत में लिया। अब्बासी के मुताबिक सरकार ने भारत और अमेरिका के दबाव में लखवी को हिरासत में लिया है। विधि अधिकारी ने दलील दी कि लखवी मुंबई आतंकी हमले में मुख्य आरोपी है और जमानत पर उसकी रिहाई से प्रांत में कानून व्यवस्था की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है।

इससे पहले कि लखवी को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर अदियाला जेल रावलपिंडी से रिहा किया जाता, पंजाब सरकार ने 14 मार्च को उसे लोक व्यवस्था बनाए रखने संबंधी कानून (एमपीओ) के तहत और 30 दिन के लिए हिरासत में रहने का आदेश दिया था। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नूरूल हक कुरैशी ने 13 मार्च को लखवी को हिरासत में लेने संबंधी संघीय सरकार के आदेश को निलंबित कर दिया था और उसकी तुरंत रिहाई के आदेश दिए थे।

Advertisement

भारत ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा था कि लखवी के खिलाफ पुख्ता सबूतों को पाकिस्तानी एजेंसियों ने अदालत के समक्ष ठीक ढंग से पेश नहीं किया। 18 दिसंबर, 2014 को निचली अदालत ने लखवी को जमानत दे दी थी लेकिन अगले ही दिन उसे एमपीओ के तहत हिरासत में ले लिया गया था। हालांकि इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने लखवी की इस हिरासत को कमजोर कानूनी आधार का हवाला देते हुए निलंबित कर दिया था। अदियाला जेल से रिहा किये जाने से ठीक पहले लखवी को 2009 में एक अफगान नागरिक का अपहरण करने के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया। उसे अपहरण मामले में भी जमानत मिल गयी। बाद में सरकार ने उच्चतम न्यायालय में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी। उच्चतम न्यायालय ने उसके आदेश को निलंबित कर दिया। लखवी ने अपनी हिरासत को एक बार फिर चुनौती दी और उसे 13 मार्च को अदालत से राहत मिल गई। लखवी और छह अन्य-अब्दुल वाजिद, मजहर इकबाल, हमद अमीन सादिक, शाहिद जमील रियाज, जमील अहमद और यूनिस अंजुम पर नवंबर 2008 के मुंबई हमलों की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का आरोप है। इन हमलों में 166 लोग मारे गए थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: पाकिस्तान, लखवी, अदालत, जेल, आतंकी, मुंबई हमला
OUTLOOK 20 March, 2015
Advertisement