Advertisement
05 March 2022

रूस ने किया सीजफायर का ऐलान, नागरिकों के सुरक्षित निकलने तक हमला नहीं

यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रूस ने सीजफायर का ऐलान कर दिया है। यह सीजफायर भारतीय समयानुसार 11.30 बजे से लागू हो गया है। रूस ने यूक्रेन के युद्धग्रस्‍त इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए सीजफायर और ग्रीन कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया गया है। भारतीयों को निकालने की दिशा में अब यह बहुत ही महत्‍वपूर्ण है।  रूस की सरकारी न्यूज एजेंसियों ने यह जानकारी दी।

माना जा रहा है कि यूक्रेन और रूस के बीच दूसरी दौर की बातचीत के बाद इस कॉरिडोर को बनाने पर सहमति बनी है।

आरआईए नोवोत्सी और तास न्यूज एजेंसी ने रूसी रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के हवाले से बताया कि मॉस्को यूक्रेनी बलों के साथ कुछ निकासी मार्गों पर संघर्ष-विराम के लिए सहमत हो गया है, ताकि नागरिकों को दक्षिण-पूर्व में रणनीतिक लिहाज से अहम बंदरगाह शहर मारियुपोल और पूर्वी शहर वोल्नोवाखा से सुरक्षित निकालने में मदद मिल सके।

Advertisement

हालांकि, यूक्रेनी सेना की तरफ से अभी संघर्ष-विराम की कोई पुष्टि नहीं की गई है और फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि निकासी मार्ग कब तक खुले रहेंगे।

रूस ने ऐलान किया है कि यह सीजफायर 11.30 बजे से शुरू होगा जो मानवीय आधार पर किया गया है ताकि आम नागरिकों को निकलने का मौका दिया जा सके। रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा, 'आज 5 मार्च को मास्‍को के समयानुसार 10 बजे सुबह से रूसी पक्ष एक सीजफायर करने जा रहा है। रूस मारियोपोल और वोल्‍वोनोखा में मानवीय कॉरिडोर खोलने जा रहा है।'

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने शनिवार को कहा कि वह पूर्वी उक्रेनी शहर सुमी से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव तरीके तलाश रहा है। मिशन ने कहा कि वह भारतीयों को बाहर निकालने के लिए निकास मार्गों की पहचान करने के लिए रेड क्रॉस सहित सभी संबंधित वार्ताकारों के संपर्क में है। सूमी उन संघर्ष क्षेत्रों में से एक है जहां रूसी और यूक्रेनी सेनाओं के बीच तीव्र लड़ाई देखी जा रही है।

भारतीय दूतावास ने कहा कि “नियंत्रण कक्ष तब तक सक्रिय रहेगा जब तक हमारे सभी नागरिकों को यूक्रेन से निकाल नहीं लिया जाता. सुरक्षित रहें, मजबूत बनें।”

बता दें कि बीते 10 दिन से यूक्रेन में जंग जारी है। रूस लगातार यूक्रेन पर हमले कर रहा है। इसी बीच ये जानकारी आई है कि रूस ने अब सीजफायर की बात कही है। बता दें कि दोनों देशों के बीच 2 दौर की वार्ता हो चुकी है जबकि तीसरे दौर की बात संभवतः आज या कल में हो सकती है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ukraine Russia War, Russia, Ukraine Crisis, ceasefire in Ukraine, media outlet Sputnik
OUTLOOK 05 March, 2022
Advertisement