Advertisement
07 October 2024

पाकिस्तान में अपने परिवार के 13 सदस्यों की हत्या करने के आरोप में लड़की गिरफ्तार

प्रतिकात्मक तस्वीर

अपने परिवार के 13 सदस्यों की हत्या करने के आरोप में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक लड़की को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि लड़की के परिजन उसकी पसंद के अनुसार उसकी शादी करने के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने बताया कि ये मौतें 19 अगस्त को खैरपुर के निकट हैबत खान ब्रोही गांव में हुईं थी।

इसने बताया कि लड़की उस समय नाराज हो गई जब उसके परिवार ने उसे उसकी पसंद के लड़के से शादी करने की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने माता-पिता समेत परिवार के सदस्यों को जहर देने की साजिश रची।

Advertisement

खैरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इनायत शाह ने कहा, ‘‘खाना खाने के बाद सभी 13 सदस्य बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां सभी की मौत हो गई। जब पोस्टमॉर्टम हुआ तो सामने आया कि इन लोगों की मौत जहरीले खाने से हुई है।’’

उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने गहनता से जांच की तो पता चला कि बेटी और उसके प्रेमी ने घर में रोटी बनाने वाले गेहूं में जहर मिला दिया था।

शाह ने कहा, ‘‘लड़की गुस्से में थी क्योंकि उसका परिवार उसकी पसंद के लड़के से उसकी शादी करने के लिए तैयार नहीं था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लड़की ने अपने प्रेमी की मदद से गेहूं में जहर मिलाने की बात स्वीकार की है।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Girl arrested, Pakistan, killing 13 members, family
OUTLOOK 07 October, 2024
Advertisement