Advertisement
19 April 2016

इक्वाडोर भूकंप: 413 मरे, अब भी मलबे में फंसे हैं कई लोग

एएफपी

बचाव कर्मियों के साथ अपनों की तलाश के लिए नम आंखें लिए परिजन हाथों से मलबा हटा रहे हैं। बचाव कर्मी मशीनों तथा दमकल कर्मियों के साथ मलबा हटाने और उसमें दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने एक व्यक्ति को आज दोपहर पोर्तोवीजो में अल गातो होटल के मलबे से जीवित निकाले जाने की खबर दी है। स्थानीय मीडिया की खबर में कहा गया है कि भूकंप से बुरी तरह प्रभावित पेडेरनेल्स शहर में 20 घंटे तक एक इमारत के मलबे में फंसी रही एक लड़की को बाहर निकाला गया है। भूकंप का केंद्र पेडेरनेल्स शहर में ही था। दमकल कर्मियों ने ट्विटर पर बताया कि मान्ता शहर में उन्होंने मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला है।

 

इक्वाडोर की सुरक्षा मंत्री ने आज बताया कि इस दक्षिण अमेरिकी देश में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के कारण फिलहाल 413 लोगों की मरने की पुष्टि हुई है। इससे पहले दिन में यह आंकड़ा 350 था। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप की वजह से 2000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। भूकंप से प्रभावित हजारों लोगों को राहत की जरूरत बताते हुए दूसरे देशों और संगठनों ने घायलों के इलाज के लिए चिकित्सा इकाइयां और खोज कार्य में सहायता के लिए बचाव टीमें भेजी हैं। पेडेरनेल्स के दौरे पर गए राष्ट्रपति राफेल कोरेया ने कहा कि नष्ट हुए इलाकों के पुनर्निर्माण में अरबों डॉलर का खर्च आएगा। भूकंप प्रभावित शहरों पेडेरनेल्स, मान्ता और पोर्तोवीजो में भूकंप की तबाही मलबे के तौर पर साफ नजर आ रही है।

Advertisement

 

बचाव कर्मी खोजी कुत्तों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। मान्ता में ध्वस्त हुए एक होटल के मलबे के पास रोते हुए खड़ी 24 वर्षीय वेरोनिका पलाडिनेस ने मलबे के ढेर की ओर इशारा करते हुए बताया मेरे पति वहां दबे हैं। वेरोनिका का पति 25 वर्षीय जेवियर सांगुचो होटल में पेंटिंग कर रहा था। इस दंपत्ति के दो बच्चे हैं। वेरोनिका ने बताया वह आराम करने गया ही था कि तबाही आ गई। वहीं पेडेरनेल्स में रॉयल होटल के मलबे के पास खड़ी लॉरा टाको अपनी भाभी और भतीजी की तलाश कर रही हैं जो मलबे में दफन हो गई हैं। लॉरा ने कहा, हम हताश हो गए हैं फिर भी उम्मीद बाकी है। ऐसे संकेत हैं कि मलबे के नीचे दबे लोग जीवित हैं। राष्ट्रपति राफेल कोरेया ने रविवार को कहा था कि हताहतों की संख्या निश्चित रूप से बढ़ेगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: भूकंप, इक्वाडोर, बचाव कर्मी, हताश परिवार, मलबा, तलाश, प्राकृतिक आपदा, पोर्तोवीजो, अल गातो होटल, पेडेरनेल्स, सुरक्षा मंत्री, दक्षिण अमेरिकी देश, राष्ट्रपति राफेल कोरेया, मान्ता, पोर्तोवीजो, तबाही
OUTLOOK 19 April, 2016
Advertisement