Advertisement
24 June 2018

केरल: लियोनेल मेसी की हार से निराश लापता फैन मृत पाया गया

लियोनेल मेसी (बाएं), सांकेतिक तस्वीर (दाएं)

फीफा वर्ल्ड कप में क्रोएशिया के खिलाफ अर्जेंटीना को मिली हार से केरल में स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी का एक फैन निराश होकर 21 जून को लापता हो गया था। पीटीआई के मुताबिक, अब कोट्टायम के इल्लीक्कल पुल के पास वह मृत पाया गया है।

30 साल के इस फैन का नाम दीनू एलेक्स था। इस फैन ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें लिखा था कि उसके जीवन में आगे कुछ नहीं रह गया है और उसकी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है।

दीनू के लापता होने की खबर मिलने के बाद पुलिस की गोताखोरों की एक टीम और स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को मीनाचिल नदी में खोज की। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि दीनू एलेक्स को आखिरी बार फीफा विश्व कप का मैच देखते हुए देखा गया था और वह सुबह चार बजे से ही लापता है। अधिकारी ने कहा कि तलाशी के बाद एक सुसाइड नोट बरामद हुआ।

Advertisement

दीनू एलेक्स के करीबी रिश्तेदार ने बताया कि वह मेसी का बहुत बड़ा प्रशंसक था और उसके मोबाइल फोन के वॉलपेपर पर भी मेसी का ही फोटो है। उन्होंने बताया, ‘गुरुवार को एलेक्स विश्व कप में मेसी द्वारा पहनी गई एक टी-शर्ट अपने लिए खरीद कर लाया और उसे पहनकर मैच देखने चला गया। सुबह चार बजे जब उसकी मां उसके लिए कुछ खाना बनाने आई, तो उन्होंने किचन के पीछे का दरवाजा खुला पाया और तुरंत अपने पति को बुलाया।‘

दोनों ने एलेक्स को खोजा और उसे लापता पाया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस इस मामले की जानकारी मिलने के बाद खोजी कुत्ते के साथ पहुंची। खोजी कुत्ते नदी की तरफ भागे, जिसके बाद कुछ गोताखोरों ने नदी में तलाश किया, लेकिन एलेक्स का नहीं मिला। बीनू एलेक्स अविवाहित था और निजी कंपनी में अकाउंटेंट का काम करता था।

क्रोएशिया ने फीफा विश्व कप के ग्रुप स्तर के मैच में मेसी की टीम अर्जेंटीना को 3-0 से करारी शिकस्त दी थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Messi's fan, Kerala, lionel messi, fifa world cup 2018, fan suicide
OUTLOOK 24 June, 2018
Advertisement