Advertisement
23 October 2016

धोनी ने तोड़ा सचिन का रिकार्ड, वनडे में 9000 रन भी पूरे किये

गूगल

अपना 281वां मैच खेल रहे धोनी एकदिवसीय अंतरराष्टीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर भी पहुंच गये हैं। वनडे में धोनी से अधिक छक्के पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (351), श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (270), वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (238) और न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम (200)  ने लगाये हैं। जहां तक भारत का सवाल है तो धोनी के बाद इस रिकार्ड में अब तेंदुलकर (195), सौरव गांगुली (190), युवराज सिंह (148), वीरेंद्र सहवाग  (136), सुरेश रैना (120 ) और रोहित शर्मा (114)  का नंबर आता है।

भारत की तरफ से खेलते हुए सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकार्ड हालांकि अब भी तेंदुलकर के नाम पर है। धोनी ने तीन मैच एशिया एकादश की तरफ से अफ्रीका एकादश के खिलाफ भी खेले जिनमें उन्होंने सात छक्के लगाये थे। धोनी ने इससे पहले वनडे में 9000 से अधिक रन बनाने वाले पांचवें भारतीय और ओवरआल तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बने। उन्होंने मिशेल सैंटनर पर छक्का जड़कर अपनी रन संख्या 26 पर पहुंचाने के साथ यह उपलब्धि हासिल की। उन्हें इस मैच से पहले यह मुकाम हासिल करने के लिये केवल 22 रन की दरकार थी।

धोनी अब दुनिया के उन 17 बल्लेबाजों में शामिल हो गये हैं जिन्होंने वनडे में 9000 से अधिक रन बनाये हैं। भारत की तरफ से उनसे पहले यह उपलब्धि सचिन तेंदुलकर 18,426 रन, सौरव गांगुली 11,363 रन, राहुल द्रविड़ 10,889 रन और मोहम्मद अजहरूद्दीन 9378 रन ने हासिल की।

Advertisement

धोनी श्रीलंका के कुमार संगकारा (विकेटकीपर के रूप में 13,341 रन)  और आस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (विकेटकीपर के रूप में 9410 रन) के बाद वनडे में 9000 रन पूरे करने वाले तीसरे विकेटकीपर बन गये हैं। यही नहीं धोनी 9000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका औसत 50 से अधिक है।

भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: MS Dhoni, Sachin Tendulkar, record
OUTLOOK 23 October, 2016
Advertisement