Advertisement
19 July 2019

इंग्लैंड को विश्व कप जिताने वाले बेन स्टोक्स को मिल सकता है न्यूजीलैंड का यह सम्मान

ऑलराउंडर बेन स्टोक्स, जिन्होंने इंग्लैंड को क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड पर जीत हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें 'न्यूजीलैंडर ऑफ द ईयर' के रूप में नामित किया गया है। इस सम्मान के लिए न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को भी नामित किया गया है। विश्व कप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड में पैदा हुए स्टोक्स ने इंग्लैंड की विश्व कप जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। स्टोक्स की 84 रन की मैच विनिंग पारी ने इंग्लैंड को पहली बार विश्व चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।

न्यूजीलैंड में पैदा हुए थे स्टोक्स

कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241-8 का स्कोर बोर्ड पर लगाया और उसके बाद इंग्लैंड की टीम भी इतने ही रन बना पाई और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में भी मैच टाई रहा, लेकिन इंग्लैंड को बाउंड्री के आधार पर विजेता घोषित कर दिया गया। स्टोक्स न्यूजीलैंड में पैदा हुए थे लेकिन जब वह 12 साल के थे, तब वो अपने परिवार के साथ इंग्लैंड चले गए थे।

Advertisement

इस वजह से है इस सम्मान के योग्य

उनके पिता गेरार्ड, जिन्होंने न्यूजीलैंड के लिए रग्बी लीग खेली थी, तब इंग्लैंड में कोचिंग दे रहे थे। स्टोक्स तब से इंग्लैंड में बने हुए हैं, हालांकि उनके माता-पिता जेरार्ड और देब दक्षिण द्वीप के क्राइस्टचर्च शहर में रहने के लिए लौट आए। न्यूजीलैंडर ऑफ द ईयर के मुख्य न्यायाधीश कैमरन बेनेट ने कहा कि स्टोक्स बेशक न्यूजीलैंड के लिए नहीं खेल रहे हैं, लेकिन वो क्राइस्टचर्च में पैदा हुए हैं, जहां उनके माता-पिता अब रहते हैं और वो माओरी वंश के साथ हैं, वहां स्पष्ट रूप से कुछ कीवी ये सोच रहे होंगे कि वो अभी भी ये दावा कर सकते हैं कि स्टोक्स उनके अपने हैं।

'नाइटहुड' से भी हो सकते हैं सम्मानित

फाइनल में मैच जीतने वाले प्रदर्शन के बाद स्टोक्स को नाइटहुड भी मिलने की संभावना है, क्योंकि यूके के अगले दोनों प्रधानमंत्री उम्मीदवारों बोरिस जॉनसन और जेरेमी हंट ने खिलाड़ी को 'नाइटहुड' देने की इच्छा व्यक्त की है।

विलियमसन की भी की प्रशंसा

बेनेट ने कहा कि जिस तरह से विलियमसन ने फाइनल में और पूरे विश्व कप में टीम को चलाया, वो शानदार था। उन्होंने कहा कि विलियमसन ने विश्व कप में न्यूजीलैंड के साहस, निष्पक्षता, विनम्रता का शानदार प्रदर्शन किया।

शानदार रहा स्टोक्स का प्रदर्शन

आपको बता दें कि इस अवॉर्ड के लिए स्टोक्स के अलावा 10 और खिलाड़ियों को नामित किया गया है। स्टोक्स ने पूरे विश्व कप में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट में कुल 66.42 की औसत से 465 रन बनाए। इसके अलावा स्टोक्स ने टूर्नामेंट में सात विकेट भी झटके। अगर कीवी टीम खिताब जीतने से चूकी, तो उसके लिए स्टोक्स ही जिम्मेदार हैं। ऐसे में स्टोक्स को न्यूजीलैंडर ऑफ द ईयर के सम्मान के लिए नामित करना, ये दर्शाता है कि न्यूजीलैंड के लोग अभी भी उन्हें अपना ही मानते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ben Stokes, World Cup, New Zealand's honor
OUTLOOK 19 July, 2019
Advertisement