Advertisement
21 July 2022

राष्ट्रपति चुनाव नतीजे: दूसरे राउंड के बाद द्राैैपदी मुर्म की बढ़त हुई और मजबूत

देश की जनता को आज को पता चल जाएगा कि देश का 15वां राष्ट्रपति कौन होगा। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान हो चुका है और आज पूर्वाह्न 11 बजे यहां संसद भवन में वोटों की गिनती जारी है।

सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तरफ से द्रौपदी मुर्मू जबकि विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा प्रत्याशी हैं। मुर्मू की जीत की काफी संभावना जतायी जा रही है। अगर वह जीत हासिल करती हैं, तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी।

देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो जाएगा और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे।

Advertisement

इससे पहले सभी राज्यों से मतपत्र संसद भवन लाए जा चुके हैं। चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं। इस कक्ष में मतपत्रों की चौबीस घंटे कड़ी सुरक्षा की जा रही है।

चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पी.सी. मोदी गुरुवार को मतगणना की निगरानी करेंगे। शाम तक चुनाव नतीजे घोषित किए जाने की संभावना है।

मोदी पहले सांसदों के सभी मतों की गिनती के बाद चुनावी रुझानों के बारे में जानकारी देंगे और फिर 10 राज्यों के वोटों की वर्णानुक्रम में गिनती के बाद फिर से जानकारी साझा करेंगे।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन सहित 31 स्थानों और विधानसभाओं के भीतर 30 केंद्रों पर सोमवार को पूर्वाह्न 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच मतदान हुआ था। कई राज्यों में मुर्मू के पक्ष में 'क्रॉस वोटिंग' होने की बातें भी आई थीं। बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में सदस्यों को व्हिप जारी नहीं किया जाता।

मनोनीत सांसदों को छोड़कर संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्य सभा के सदस्य और सभी राज्यों की विधानसभा के सदस्य राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करते हैं।

राष्ट्रपति चुनाव में 776 सांसदों और 4,033 निर्वाचित विधायकों समेत कुल 4,809 मतदाता मतदान के पात्र थे। इसमें मनोनीत सांसद व विधायक और विधान परिषद के सदस्य मतदान नहीं कर सकते।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक सोमवार को हुए मतदान के दौरान 99 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपना वोट डाला। भाजपा के सांसद सनी देओल और संजय धोत्रे समेत आठ सांसद मतदान नहीं कर पाए। देओल मतदान के दौरान इलाज के लिए विदेश गए हुए हैं जबकि धोत्रे आईसीयू में भर्ती हैं।

सोमवार को भाजपा और शिवसेना के दो-दो, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एआईएमआईएम के एक-एक विधायक ने मतदान नहीं किया।

राष्ट्रपति कोविंद ने साल 2017 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में कुल 10,69,358 में से 7,02,044 वोट पाकर जीत हासिल की थी। उनकी प्रतिद्वंद्वी मीरा कुमार को सिर्फ 3,67,314 वोट मिले थे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राष्ट्रपति, भारत का राष्ट्रपति, राष्ट्रपति चुनाव, President, President of India, Presidential Election, यशवंत सिन्हा, द्रौपदी मुर्मू
OUTLOOK 21 July, 2022
Advertisement