Advertisement
24 February 2021

शिवसेना का कांग्रेस की हार पर मातम, कहा- पुडुचेरी के बाद महाराष्ट्र में भी ऑपरेशन लोटस का डर

पुडुचेरी में कांग्रेस के हाथों से सत्ता फिसलने और उनकी गुजरात नगर निकाय चुनाव में करारी हार के बाद शिवसेना बेहद परेशान है। एक ओर जहां वे इस स्थिति को लोकतंत्र के लिए घातक बता रहे हैं। वहीं उन्हें महाराष्ट्र में भी ऑपरेशन लोटस का डर सताने लगा है।

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि सूरत में आप को चुना गया तो अब कांग्रेस को सोचना पड़ेगा और हम सबको भी सोचना पड़ेगा। कांग्रेस जैसे पार्टी को गुजरात और अन्य राज्यों ने नकारा है, कांग्रेस का इस तरह से पतन होना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।

वहीं पुडुचेरी में सरकार गिराने का आरोप लगाते हुए शिवसेना ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के मुखपत्र सामना के संपादकीय में शिवसेना ने लिखा कि पुडुचेरी में उपराज्यपाल रहीं किरण बेदी ने नारायणसामी सरकार को ठीक से काम नहीं करने दिया। भाजपा ने एक छोटा राज्य भी कांग्रेस के हाथ से खींच लिया। शिवसेना ने कहा कि भाजपा अब मार्च-अप्रैल में महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन लोटस' की शुरुआत करेगी।

Advertisement

हालांकि सामना में शिवसेना ने लिखा, 'मध्यप्रदेश की सरकार गिराई, तब भी ‘अगला वार महाराष्ट्र पर’ की घोषणा की गई थी। उसके बाद ‘बिहार का परिणाम आने दो, फिर देखो महाराष्ट्र में कैसे परिवर्तन लाते हैं’, जैसी बातें की गई। अब पुडुचेरी की बात शुरू है। लेकिन जैसे ‘दिल्ली बहुत दूर है’ उसी प्रकार ‘महाराष्ट्र तो बहुत ही दूर है।'

शिवसेना ने यह भी कहा कि सरकार को समर्थन देनेवाले विधायकों को तोड़ने के लिए ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का इस्तेमाल किया गया। ऐसा आरोप कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने लगाया है। महाराष्ट्र में भी यही शुरू होने के पीछे पुडुचेरी में जो कुछ हुआ, उस पर भरोसा रखना ही होगा। महाराष्ट्र में शिवसेना है, इसलिए कोई गैर जरूरी उठा-पटक के चक्कर में न पड़े। पुडुचेरी में सरकार गिराने के लिए जो खटपट और भागदौड़ की गई, वो सारा प्रयोग महाराष्ट्र में किया जा चुका है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: शिवसेना, कांग्रेस, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, ऑपरेशन लोटस, Shiv Sena, Congress, Puducherry, Operation Lotus, Maharashtra
OUTLOOK 24 February, 2021
Advertisement