Advertisement
12 June 2024

ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ लेंगे मोहन माझी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा

ओडिशा में आज यानी 12 जून से भाजपा सरकार की शुरुआत होने जा रही है। क्योंझर से विधायक मोहन चरण माझी भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम के रूप में केवी सिंह देव और प्रवती परिदा भी शपथ लेंगे। माझी के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2:30 बजे पहुंचेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी भाग लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे होगा, जिसके लिए भुवनेश्वर के जनता मैदान में तैयारियां की जा रही है। क्योंझर सीट से 4 बार के विधायक मोहन माझी ओडिशा में आदिवासियों की बुलंद आवाज है। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि कई राज्यों के मुख्यमंत्री और जानी-मानी हस्तियां इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी।

दरअसल, मोहन चरण माझी के नाम का एलान 11 जून को हुई विधायक दल की बैठक में किया गया। भाजपा ने वरिष्ठ पार्टी नेता राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को ओडिशा में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। सीएम चुने जाने के बाद माझी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाएंगे।

चार बार एक ही विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करने वाले माझी पर इस बार भारतीय जनता पार्टी ने भरोसा जताया और उन्हें ओडिशा का 15वां मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।

Advertisement

बता दें कि इस बार ओडिशा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में बीजू जनता दल के विजयरथ को रोका और बड़ी जीत दर्ज की। 147 में से 78 सीटों पर जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी ओडिशा में सबसे बड़ा दल बनकर उभरी। पार्टी ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए बिना पीएम मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था। उधर, बीजू जनता दल को 51 सीटों पर जीत हासिल हुई।

आदिवासी नेता मोहन माझी ने विधानसभा चुनाव में क्योंझर सीट से जीत हासिल की है। इस चुनाव में उन्होंने बीजू जनता दल की मीना माझी को 11,577 मतों से शिकस्त दी। 52 वर्षीय भाजपा नेता की विधानसभा चुनाव में यह चौथी जीत है। वह पहली बार 2000 में क्योंझर (एसटी) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2004, 2019 और अब 2024 में भी क्योंझर सीट से जीते हैं। माझी ओडिशा विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक भी रह चुके हैं।

ऐसे सुर्खियों में आए थे माझी

2023 में माझी तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने 700 करोड़ रुपये के मिड डे मील घोटाले को उजागर करने के लिए अनूठे तरीके से विधानसभा में विरोध किया था। माझी ने तब एक कटोरी बिना पकी दाल स्पीकर की तरफ उछाल दी थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mohan Majhi, take oath, Chief Minister of Odisha, today, Prime Minister Narendra Modi, Amit Shah, participate in the program
OUTLOOK 12 June, 2024
Advertisement