Advertisement
14 April 2022

कर्नाटक: ठेकेदार संतोष पाटिल सुसाइड केस को लेकर बवाल, कांग्रेस का सीएम आवास तक मार्च, हिरासत में लिए गए डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया

ट्विटर

कर्नाटक में एक सिविल ठेकेदार संतोष पाटिल की खुदकुशी का मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायत राज (आरडीपीआर) मंत्री के एस ईश्वरप्पा के खिलाफ इस्तीफे को लेकर लगातार सियासी बवाल बढ़ता जा रहा है। राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा पर आरोप लगाकर सुसाइड करने वाले संतोष पाटिल के मामले में कांग्रेस की तरफ से बर्खास्त की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके विरोध में गुरुवार की दोपहर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के आवास तक मार्च के दौरान कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्दारमैया समेत कई अन्य नेताओं को पुलिस ने बीच रास्ते में रोककर उन्हें हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस बोम्मई सरकार के मंत्री के. ईश्वरप्पा को बर्खास्त करने की भी मांग कर रही है। ईश्वरप्पा पर कांट्रैक्टर संतोष पाटिल को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। ईश्वरप्पा और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। ईश्वरप्पा ने बुधवार को कहा था कि वह इस्तीफा नहीं देंगे। 

वहीं, इस मामले को लेकर कर्नाटक सीएम ने बुधवार को कहा था कि ठेकेदार संतोष पाटिल खुदकुशी का सच सामने आएगा। मामले की पूरी जांच की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि केएस ईश्वरप्पा ने इस्तीफे बारे में क्या कहा ये पता नहीं है, उनसे फोन पर बात करने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल मामले की सारी जानकारी ले रहा हूं।

Advertisement

जानें क्या है मामला

केएस ईश्वरप्पा पर भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाले ठेकेदार संतोष पाटिल ने मंगलवार को उडुपी में आत्महत्या कर ली थी। पाटिल हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव थे। उन्होंने आत्महत्या के लिए मंत्री को जिम्मेदार बताया। रिपोर्ट के मुताबिक, संतोष पाटिल कुछ दिन पहले लापता हो गए थे और बेलगावी पुलिस ने उनका पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने अपने दोस्तों को एक संदेश भेजा था जिसमें कहा गया था कि ईश्वरप्पा उनकी मौत के लिए 'सीधे जिम्मेदार' होंगे और मंत्री को दंडित किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि पाटिल की मौत ने मंगलवार को एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था और कांग्रेस ने ईश्वरप्पा को हटाने की मांग की थी, जबकि उनके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर निशाना साधा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Karnataka, contractor Santosh Patil suicide case, Congress marches, CM Basavaraj Bommai's residence, DK Shivakumar, Siddaramaiah, detained
OUTLOOK 14 April, 2022
Advertisement