Advertisement
08 May 2015

मांझी की नई पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा

पीटीआई

मांझी ने राजद सांसद पप्पू यादव को पार्टी से निकाले जाने के एक दिन बाद नए दल के गठन का ऐलान किया। पप्पू मांझी के समर्थन में पहले से ही थे लेकिन नई पार्टी में वे शामिल होंगे या नहीं इस पर संशय बना हुआ है। आउटलुक से बातचीत में पप्पू ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए वह लगातार कदम बढ़ा रहे हैं और समय आने पर सही फैसला लिया जाएगा।

 

शुक्रवार को पटना में आयोजित संवाददाता सम्‍मेलन में मांझी ने नई पार्टी के गठन की घाेषणा की और कहा कि बिहार की सभी २४३ सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। लेकिन तकनीकी कारणों से मांझी और जदयू के १७ बागी विधायकों का नाम पार्टी की सूची में नहीं शामिल किया गया है। 

Advertisement

मांझी ने कहा कि जल्द ही चुनाव आयोग में नई पार्टी के पंजीयन के लिए दस्तावेज जमा किए जाएंगे और पंजीकरण हो जाने के बाद हम इसका हिस्सा बन जाएंगे। शकुनी चौधरी और जदयू के दो बागी विधायकों नीतीश मिश्रा एवं अनिल कुमार  के साथ संवाददाता सम्मेलन में मांझी ने कहा कि बिहार की जनता के साथ जो सियासी दलों ने धोखा किया है उसका पर्दफाश करेंगे।

 

जदयू से निकाले जाने और मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद मांझी और उनके समर्थक विधायकों ने हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा नाम का एक गैर-राजनीतिक संगठन बनाया था जिसे अब राजनीतिक पार्टी का रूप दे दिया गया। 

पार्टी  की बिहार इकाई में 108 नेताओं के नाम हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व-सांसद ब्रह्मदेव  पासवान और पूर्व राज्य मंत्री एवं विधायक गणेश यादव, राम कुमार यादव, ओम प्रकाश पासवान, के डी यादव और रामचंद्र प्रसाद सिंह जैसे नेताओं के नाम हैं। मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह नई पार्टी के दुश्मन नंबर एक हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: बिहार, जीतनराम मांझी, हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा, नीतीश कुमार, nitish kumar, bihar, Jitan Ram Manjhi
OUTLOOK 08 May, 2015
Advertisement