Advertisement
02 July 2023

असम में कांग्रेस बीजेपी का विकल्प नहीं, लोगों ने "कुशासन और भ्रष्टाचार" के लिए किया खारिजः AAP

file photo

असम में आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को कहा कि कांग्रेस पूर्वोत्तर राज्य में भाजपा का विकल्प नहीं हो सकती क्योंकि लोगों ने उसे "कुशासन और भ्रष्टाचार" के लिए खारिज कर दिया है। राज्य में कांग्रेस से दूरी बनाते हुए आप ने कहा कि वह ऐसी पार्टी के साथ कोई मंच साझा नहीं कर सकती।

आप के मीडिया समन्वयक जयंत कुमार कलिता ने पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद कहा, "असम में कांग्रेस भाजपा का विकल्प नहीं हो सकती। राज्य के लोगों ने कांग्रेस को उसके कुशासन और भ्रष्टाचार के कारण खारिज कर दिया है।" उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का विकास नहीं होने के लिए कांग्रेस और बीजेपी दोनों जिम्मेदार हैं.

असम में आप और कांग्रेस 10 अन्य "समान विचारधारा वाली" पार्टियों के साथ हाल के दिनों में विभिन्न मुद्दों पर एक साथ आए हैं, जिसमें परिसीमन प्रस्ताव के मसौदे का विरोध भी शामिल है। कलिता ने दावा किया कि मसौदा प्रस्ताव मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के करीबी लोगों के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने का एक प्रयास है, भले ही वे किसी भी पार्टी से जुड़े हों। उन्होंने दावा किया कि इससे भाजपा के "गुप्त मित्र" एआईयूडीएफ को भी मदद मिलेगी।

Advertisement

उन्होंने कहा, "कार्यकारिणी ने मसौदा प्रस्ताव के खिलाफ चुनाव आयोग को एक ज्ञापन सौंपने का फैसला किया है।" कलिता ने कहा, बैठक में संगठनात्मक मामलों, खासकर पंचायत चुनाव और लोकसभा चुनाव की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी 'सेतुबंधन' कार्यक्रम के माध्यम से लोगों तक पहुंच कर उनकी आकांक्षाओं को समझेगी और चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों की पहचान करेगी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों की निगरानी के लिए पार्टी ने 16 सदस्यीय समिति का गठन किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 02 July, 2023
Advertisement