Advertisement
16 June 2023

"ये महागठबंधन की बैठक में होते तो भाजपा को सब बता देते...", संतोष सुमन के इस्तीफे पर नीतीश कुमार

ट्विटर/एएनआई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के मुखिया जीतन राम मांझी के बेटे डॉ संतोष कुमार सुमन के कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफे पर कहा है कि आगामी 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक से पहले यह अच्छा काम हुआ है। नीतीश कुमार ने कहा, "अगर ये भी बैठक में होते तो भाजपा को सारी जानकारी दे देते।"

नीतीश कुमार ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, "मैंने इस्तीफा दिया और उन्हें (जीतन राम मांझी) को मुख्यमंत्री बनाया था। अब वह क्या कहते रहते हैं, यह तो सभी जानते हैं। सभी जानते थे कि वह भाजपा के लोगों से मिल रहे हैं और फिर हमारे पास भी आते थे। जब मैंने उनसे (जीतन राम मांझी और संतोष कुमार सुमन) से कहा कि वे या तो अपनी पार्टी का हमारे साथ विलय कर लें या अलग हो जाएं, तो उन्होंने अलग होने का फैसला किया।"

उन्होंने कहा, "जीतन राम मांझी और संतोष सुमन ने गठबंधन छोड़ने का फैसला किया, अगर वे 'महागठबंधन' में होते और 23 जून की बैठक में शामिल होते, तो वे सब कुछ जाकर भारतीय जनता पार्टी को बताते। यहां की सब चर्चा भाजपा तक पहुंच जाती।" बता दें कि लोकसभा चुनावों से पहले विपक्षी एकता के लिए 23 जून को पटना में एक अहम बैठक होने वाली है।

Advertisement

इससे पहले ही बिहार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री संतोष सुमन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल से मंगलवार को अचानक इस्तीफा दे दिया। उनकी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) ने इसकी घोषणा की। उनके इस्तीफे ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी। नीतीश कुमार के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा था। हालांकि, संवाददाताओं से बात करते हुए नीतीश कुमार ने इस निर्णय को ठीक करार दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bihar CM Nitish Kumar, resignation, Dr Santosh Kumar Suman, son of Hindustani Awam Morcha (Secular) chief Jitan Ram Manjhi Youth
OUTLOOK 16 June, 2023
Advertisement