Advertisement
18 June 2024

हर उन्नत लोकतंत्र की तरह मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए, न कि ईवीएम का: चुनाव हारने के बाद जगन मोहन रेड्डी

युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की जगह मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

आंध्र प्रदेश में हाल ही में हुए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि लगभग हर उन्नत लोकतंत्र में मतपत्रों का इस्तेमाल होता है। रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘दुनिया भर में लगभग हर उन्नत लोकतंत्र में चुनावों में ईवीएम का नहीं, बल्कि मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाता है।’’

आंध्र प्रदेश में विपक्ष के नेता ने कहा कि हमारे (भारत) लोकतंत्र की सच्ची भावना को बनाए रखने के लिए ‘‘हमें भी उसी (डाक मतपत्रों) की ओर बढ़ना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जैसे कि न्याय न केवल होना चाहिए, बल्कि दिखना भी चाहिए कि न्याय हुआ है उसी प्रकार लोकतंत्र भी न केवल कायम रहना चाहिए, बल्कि ऐसा दिखना भी चाहिए।’’

Advertisement

आंध्र प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में वाईएसआरसीपी को केवल 11 विधानसभा सीट और चार लोकसभा सीट पर ही संतोष करना पड़ा।

तेलुगु देशम पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और जनसेना वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने विधानसभा की 175 में से 164 सीट पर जीत हासिल की और लोकसभा की 25 सीट में से 21 को अपने नाम किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ballot papers, EVMs, Advanced democracy, Jagan Mohan Reddy, losing election
OUTLOOK 18 June, 2024
Advertisement