Advertisement
11 June 2024

आंध्र प्रदेश: चंद्रबाबू नायडू चुने गए एनडीए विधायक दल के नेता, गठबंधन ने सीएम बनाने की दी सहमति

तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू को आंध्र प्रदेश में एनडीए के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर चुन लिया गया है। बुधवार यानी 12 जून को चंद्रबाबू नायडू मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। 

वहीं, सहयोगी दल जनसेना विधायक दल की बैठक मंगलवार सुबह मंगलागिरी स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई। बैठक में पवन कल्याण को जनसेना विधायक दल का नेता चुना गया।

विजयवाड़ा में तेलुगु देशम पार्टी, जनसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों की बैठक में विधायकों ने सर्वसम्मति से नायडू को राजग नेता चुना। जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने राजग के नेता के रूप में चंद्रबाबू नायडू के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका राज्य भाजपा प्रमुख डी पुरंदेश्वरी ने भी समर्थन किया। नतीजतन नायडू मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में उभरे। इससे पहले मंगलवार सुबह नायडू को सर्वसम्मति से टीडीपी विधायक दल का नेता चुना गया था।

Advertisement

शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन कृष्णा डिस्ट्रिक्ट में केसरापल्ली आईटी पार्क में किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को  दिल्ली से सुबह 10:40 बजे गन्नावरम एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

बता दें कि आंध्र प्रदेश विधानसभा में कुल 175 सीटें हैं। चुनाव में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी तेलुगू देशम (टीडीपी) को प्रचंड बहुमत मिला। टीडीपी ने 135 सीटों पर कब्जा किया। आठ सीटों पर भाजपा और 21 पर जनसेना को जीत मिली। सत्तारूढ़ दल वाईएसआरसीपी को सिर्फ 11 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Andhra Pradesh, Chandrababu Naidu, elected leader, NDA Legislative Party, alliance agrees, CM
OUTLOOK 11 June, 2024
Advertisement