Advertisement
21 January 2021

अखिलेश ने अपराध को लेकर योगी सरकार को घेरा, कहा- प्रदेश में अपराधी मचा रहे हैं तांडव

FILE PHOTO

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश  यादव ने आज राज्य में कथित रूप से बढ़ रहे अपराध को लेकर योगी आदित्यनाथ की सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी तांडव मचा रहे हैं। मुख्यमंत्री जी राम नाम सत्य कह रहे हैं और पुलिस तंत्र अपराधियों के आगे पस्त हिम्मत दिख रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्र ने कहा कि हत्या, लूट और अपहरण की घटनाओं की इधर बाढ़ आ गई है। ध्वस्त कानून  व्यवस्था के चलते जन सामान्य की जिंदगी पर हर क्षण खतरा मंडराता रहता है।  भाजपा राज में भययुक्त का माहौल बन गया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपराध  प्रदेश बना दिया है।

सपा नेता ने कहा कि खुद मुख्यमंत्री के वीवीआईपी जनपद गोरखपुर  में हर तीसरे दिन हत्या की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। जनपद का  क्राइम ग्राफ चढ़ता जा रहा है। अपराधी तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है।  सरकार की खामोशी उनके हौंसले बढ़ा रही है। पिछले 20 दिनों में हर तीसरे तीन  हत्या, फायरिंग, चोरी, छेड़खानी और किशोरियों के अपहरण की घटनाएं ध्वस्त  कानून व्यवस्था की नजीर है। राजभवन किंकर्तव्य विमूढ़ की स्थिति में है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि बख्शी का तालाब क्षेत्र  की ग्राम पंचायत शिवपुरी में रण बाबा महादेव मंदिर के पुजारी फकीरे दास की  लूट के बाद हत्या कर दी गई। वे 20 सालों से वहां पुजारी थे। पिछले दिनों  लखनऊ में सिलसिलेवार तीन वारदात में बमबाजी से दहशत हुई। जानकीपुरम, हसनगंज  और मंडियाव में अपराधी तत्वों ने लोगों को डराने और अपना वर्चस्व जताने के  लिए ये घटनाएं की।

सपा नेता ने कहा कि मासूम की जान बचाने में पुलिस की नाकामी अभी  कासगंज में दिखाई दी। गोण्डा में एमसीपीसी कालेज के छात्र  लोकेश की अपहरण के बाद निर्ममता से हत्या कर दी गई। आजमगढ़ में सड़क  पर साइड मांगने पर एक दलित युवक की कुछ दबंगों ने पिटाई कर दी। मामला एससी,  एसटी का होते हुए भी पुलिस ने वह सक्रियता विवेचना में नहीं दिखाई जिसकी  अपेक्षा थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 21 January, 2021
Advertisement