Advertisement
17 July 2021

पंजाब कांग्रेस का जल्द होगा समाधान, कांग्रेस ने तय किया फॉर्मूला, 4 कार्यवाहक अध्यक्ष के साथ सिद्धू को कमान मिलना तय!

ANI

पंजाब कांग्रेस में सियासी घमासान जारी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच खुलकर आमने सामने हैं। इस बीच कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी के करीबी सूत्रों का कहना है कि इस संकट को सुलझा लियागया है। जल्द ही नए फॉर्मूले की घोषणा कर दी जाएगी। 

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का आवास 10 जनपथ के करीबी सूत्र के अनुसार, जल्द पंजाब कांग्रेस का संकट का हल होगा। आज नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा कर दी जाएगी। उनके साथ 4 कार्यकारी अध्यक्षों के नाम का भी ऐलान होगा।

वहीं, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत अमरिंदर सिंह से मुलाकात के बाद दिल्ली लौटे हैं। उनका कहना है कि मुझे प्रसन्नता है कि बहुत सारी बातें जो बाहर चर्चा में हैं, वो बिल्कुल निर्मूल साबित हुई हैं और कैप्टन साहब ने फिर से अपने उस महत्वपूर्ण बयान को दोहराया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी  पंजाब के अध्यक्ष के पद को लेकर के जो भी निर्णय करेंगी वो मुझे स्वीकार्य होगा, मैं उसका आदर करूंगा।

Advertisement

कैप्टन अमरिंदर के  मीडिया सलाकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पंजाब के सीएम ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से जो भी फैसला लिया जाएगा, उसका सब सम्मान करेंगे। हालांकि, उन्होंने कुछ मुद्दे भी उठाए हैं, जिनपर रावत ने सोनिया गांधी से चर्चा का भरोसा दिया है।

सियासी उठापटक के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के चीफ सुनील जाखड़ से उनके पंचकूला स्थित आवास पर मुलाकात की है। इस दौरान दोनों चेहरे पर मुस्कान लिए गर्मजोशी से एक-दूसरे से गले मिलते दिखे। हालांकि, इस मुलाकात के दौरान क्या बातें हुईं, यह अब तक सामने नहीं आया है। जाखड़ से मुलाकात करने के बाद विधायक नवजोत सिद्धू मंत्रियों और विधायकों से भी मिले।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Punjab, Congress, formula, presidents, Sidhu, Amrinder singh
OUTLOOK 17 July, 2021
Advertisement