Advertisement
26 January 2022

पंजाब: अकाली दल का बड़ा फैसला, प्रकाश सिंह बादल लड़ेंगे चुनाव, सिद्धू के खिलाफ मजीठिया को दिया टिकट

कोरोना से जंग जीतने के बाद शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक 94 वर्षीय प्रकाश सिंह बादल ने विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। शिरोमणी दल ने ऐलान किया है कि प्रकाश सिंह बादल लांबी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वह इसी सीट से विधायक भी हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया दो सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। मजीठिया अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़कर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को टक्कर देंगे। इसके अलावा भी अपनी पुरानी सीट मजीठा से भी ताल ठोकने के लिए तैयार हैं।

एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान हरसिमरत कौर बादल ने प्रकाश सिंह के लांबी से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इसके अलावा  शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि बिक्रमजीत सिंह मजीठिया नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, नवजोत सिंह सिद्धू का अहंकार खत्म करने के लिए। वो अहंकारी हो गया है कि उसमें मैं आ गया है, उसे पता चलेगा कि पंजाब की जनता उसे पसंद नहीं करती।

Advertisement

बता दें कि चुनाव आयोग ने 8 जनवरी को पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों का ऐलान किया था। 16वीं राज्य विधानसभा के 117 सदस्यों का चुनाव करने के लिए 20 फरवरी को होगी।

पंजाब की सियासत का प्रकाश सिंह बादल सियासत का सबसे बड़ा चेहरा हैं। प्रकाश सिंह बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा 10 बार प्रकाश सिंह बादल विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। लांबी विधानसभा सीट को बादल परिवार का गढ़ माना जाता है।

इससे पहले शिरोमणी अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल ने लांबी से विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला प्रकाश सिंह बादल पर छोड़ दिया था। आउटलुक से बातचीत में सुखबीर बादल ने कहा था,“लंबी हलके से बादल साहब के लिए चुनाव उनके कार्यकर्ता लड़ेंगे।” 

अकाली दल के इस निर्णय के बाद मुकाबला काफी रोचक हो गया है। इस बार पंजाब विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल बीएसपी के साथ मिलकर लड़ रही है। शिरोमणि अकाली दल ने अपने भाग में आई 97 में से 96 सीटों पर अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: शिरोमणि अकाली दल, प्रकाश सिंह बादल, पंजाब विधानसभा चुनाव, हरसिमरत कौर बादल, Shiromani Akali Dal, Parkash Singh Badal, Punjab Assembly Elections, Harsimrat Kaur Badal
OUTLOOK 26 January, 2022
Advertisement