Advertisement
25 April 2024

बिहार: यूट्यूबर मनीष कश्यप भाजपा में शामिल हुए

अपने वीडियोज के जरिए देश में अलग नाम बना चुके मनीष कश्यप से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।

कश्यप को तमिलनाडु में बिहार के प्रवासी मजदूरों को प्रताड़ित किये जाने के फर्जी वीडियो प्रसारित करने के आरोप में पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। कश्यप इस समय जमानत पर हैं।

कश्यप एक कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी तथा सह-प्रभारी संजय मयूख और मनोज तिवारी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर कश्यप की मां भी मौजूद रहीं।

कश्यप ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काम करने के लिए भाजपा में शामिल हुआ हूं। जब मैं नौ महीने जेल में था तो मेरी मां ने मेरे लिए लड़ाई लड़ी और उन्होंने ही मुझे भाजपा में शामिल होने के लिए कहा।’’

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे भाजपा नेता तिवारी ने कश्यप के भाजपा में शामिल होने पर खुशी जताई और आरोप लगाया कि उन्हें (मनीष कश्यप) सलाखों के पीछे डाल दिया गया क्योंकि ‘‘कुछ लोग’’ उन्हें चुप कराना चाहते थे।

तिवारी ने कहा, ‘‘मनीष कश्यप ने लोगों के मुद्दे उठाए और हमेशा प्रधानमंत्री मोदी के पक्ष में बात की। लेकिन, इस देश में कुछ गैर-भाजपा सरकारों ने उन्हें बहुत परेशान किया।’’ उन्होंने कश्यप को यह भी आश्वासन दिया कि भाजपा उन्हें उनकी क्षमताओं के आधार पर ‘‘भविष्य में’’ उचित भूमिका सौंपेगी।

 

 

Advertisement

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Narendra Modi, Manish Kashyap, BJP, Congress, Manish Kashyap joined BJP, Loksabha election 2024
OUTLOOK 25 April, 2024
Advertisement