Advertisement
21 April 2022

कांग्रेस में शामिल होने के संभावना के बीच कल पार्टी से मिलेंगे प्रशांत किशोर, 600 स्लाइड्स का प्रेजेंटेशन है तैयार

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर कल 22 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होने को लेकर बातचीत पार्टी से बात करेंगे। किशोर के करीबी सूत्रों ने एएनआई को बताया है कि वो 600 स्लाइड्स का प्रेजेंटेशन तैयार किए हैं और उसमें क्या है किसी ने नहीं देखा है।

किशोर कल कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बातचीत करेंगे, जबकि इसके अलावा वह पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से भी कांग्रेस में शामिल होने के मुद्दे पर विचार-विमर्श कर सकते हैं।
गौरतलब है कि किशोर ने 18 अप्रैल को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी।

इधर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर ने बृहस्पतिवार को कहा कि किशोर पार्टी में बिना शर्त शामिल होना चाहते हैं और उनके आने से कांग्रेस को मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर के विषय पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोई भी फैसला करने से पहले सभी वरिष्ठ नेताओं को विश्वास में लेना चाहती हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या किशोर के शामिल होने से कांग्रेस को फायदा होगा तो उन्होंने कहा, ‘‘प्रशांत किशोर एक ब्रांड हैं। 2014 के बाद से उन्होंने जिस पार्टी के लिए काम किया, उसे कामयाबी मिली।

Advertisement

बता दें कि मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखने वाले किशोर अगर कांग्रेस में शामिल होते हैं तो वह दूसरी बार सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे। इससे पहले, वह कुछ समय के लिए जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़े थे, हालांकि बाद में इससे अलग हो गए।

वह पिछले करीब एक दशक से चुनावी रणनीतिकार के तौर पर काम कर रहे हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के सफल चुनावी अभियान के बाद किशोर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में राजद-जद(यू)-कांग्रेस के महागठबंधन की चुनावी जीत में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद उन्होंने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, 2019 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, तथा 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रमुक के लिए काम किया। इन चुनाव अभियानों में भी वह सफल रहे।

हालांकि, 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिये बतौर चुनावी रणनीतिकार उन्हें कामयाबी नहीं मिली थी

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Prashant kishor, Congress, BJP, Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi, 600 slides
OUTLOOK 21 April, 2022
Advertisement