Advertisement
17 March 2015

लोकसभा में हनुमान पर हंगामा

जीतेेन्द्र गुप्ता

आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर स्पीकर ने कहा कि उन्हें गौरव गोगोई, मल्लिकार्जुन खडगे, सुष्मिता देव, के सी वेणुगोपाल एवं अन्य के कई विषयों पर कार्य स्थगन प्रस्ताव के नोटिस मिले हैं। उन्होंने इन्हें स्वीकार नहीं करते हुए कहा वह इन विषयों को बाद में शून्यकाल में उठाने का मौका देंगी।

कांग्रेस के सदस्य हालांकि इससे संतुष्ट नहीं हुए और अध्यक्ष के आसन के पास आकर नारेबाजी करने लगे।

इस दौरान अध्यक्ष ने प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया।

Advertisement

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के हिसार में एक निर्माणाधीन चर्च को कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने सबंधी मीडिया की खबरों के पृष्ठभूमि में विहिप ने कहा है कि क्या वेटिकन में कोई हनुमान मंदिर बना सकता है। क्या वहां हनुमान मंदिर स्थापित करने की अनुमति दी जायेगी ?

अध्यक्ष ने सदस्यों से सदन में व्यवस्था बनाने का आग्रह किया।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह देश से जुड़ा काफी महत्वपूर्ण सवाल है। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का सवाल है।

अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि रोज रोज कुछ न कुछ विषय को लाकर इस तरह से कार्य स्थगन प्रस्ताव के नोटिस लाना ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा, मैं आपको 12 बजे इसे उठाने की अनुमति दूंगी। विषय महत्वपूर्ण हैं, तब उसे जरूर उठायें। लेकिन उचित समय पर उठायें।

कांग्रेस नेता ने कहा, सत्ता पक्ष के साथ इतना सहयोग करने के बाद भी वेंकैया नायडू हमेशा हमारे उपर इल्जाम लगाते हैं। यह ठीक नहीं है। आप कह रही हैं, इसलिए हम बैठ जाते हैं।

इससे पहले कांग्रेस सदस्यों ने अध्यक्ष के आसन के समीप आकर  लोकतंत्र पर हमला, नहीं चलेगा, धर्म की राजनीति नहीं चलेगी, प्रधानमंत्री कहां गए आदि नारे लगाए।

भाजपा के कुछ सदस्यों को जवाब में यह कहते सुना गया कि आपके नेता राहुल कहां गए।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर हैं। लेकिन वह कहां हैं, इसकी जानकारी नहीं है।

इस बीच हिसार में गिरजाघर में तोड़फोड़ के बारे में राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा को बताया कि इमारत कथित तौर पर एक अवैध कालोनी में बनायी गई थी और विवाद पादरी और वहां पर हमला करने वालों के बीच झगड़े का परिणाम था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राज्यसभा, हनुमान, हंगामा, कांग्रेस, विश्व हिंदू परिषद, वेटिकन सिटी
OUTLOOK 17 March, 2015
Advertisement