Advertisement
08 May 2015

बजट सत्र की अवधि बढ़ाने पर विपक्ष का भारी विरोध

पीटीआाइ

लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद पौने 12 बजे 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। शुक्रवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि उन्हें रंजीत रंजन, राजेश रंजन, एंटो एंटनी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अधीर रंजन चौधरी आदि के कार्यस्थन के नोटिस प्राप्त हुए है। लेकिन इन्हें अन्य अवसरों पर उठाया जा सकता है। वह बाद में इसे उठाने का मौका देंगी। लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा कि सरकार सदन की कार्यवाही तीन दिन बढ़ाने जा रही है।

सरकार ऐसा सदन को विश्वास में लिए बिना कर रही है। आप (अध्यक्ष) सर्वोच्च हैं, आप सदस्यों के अधिकारों की सुरक्षा करें। आपके पास अधिकार हैं। इस दौरान भाजपा सदस्य किरीट सोमैया को गुरुवार को राहुल गांधी के अमेठी फूड पार्क से जुड़े बयान का मुद्दा उठाते सुना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल सदन को गुमराह कर रहे है। कांग्रेस सदस्यों ने इसका जबर्दस्त विरोध किया। कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप आकर तानाशाही नहीं चलेगी, मोदी सरकार होश में आओ के नारे लगाने लगे।

इस दौरान तृणमूल कांग्रेस, वाम दलों समेत कुछ अन्य दलों के सदस्यों को अपने स्थान से इस विषय को उठाते देखा गया। अध्यक्ष ने सदस्यों से अपने स्थान पर जाने और प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़ा एक प्रश्न भी लिया पर सदस्यों का शोर शराबा जारी रहा। व्यवस्था बनते नहीं देख अध्यक्ष ने प्रश्नकाल की कार्यवाही सवा 11 बजे 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी। साढे ग्यारह बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही। अध्यक्ष ने सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया। पर कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा।

Advertisement

इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही पौने 12 बजे 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी। उल्लेखनीय है कि सरकार ने लोकसभा की बजट सत्र की अवधि को तीन दिन के लिए बढ़ाने का निर्णय किया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक यह सत्र समाप्त होना है जो अब 13 मई तक चलेगा। इसके साथ ही लोकसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण अब राज्यसभा के सत्र के साथ समाप्त होगा। राज्यसभा का सत्र 13 मई तक चलना है। गुरुवार को कैबिनेट की ससंदीय मामलों की समिति की बैठक में यह निर्णय किया गया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: बजट सत्र, विपक्ष का विरोध, लोकसभा, रंजीत रंजन, राजेश रंजन, एंटो एंटनी, कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खडगे, भाजपा, राहुल गांधी, budget session, lok sabha, ranjeet ranjan, rajesh ranjan, anto antony, congress, mallikarjun kdge, BJP, rahul gandhi
OUTLOOK 08 May, 2015
Advertisement