Advertisement
25 August 2020

संसद का मॉनसून सत्र 14 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक संभावित,संसदीय समिति ने की सिफारिश

मंत्रिमंडल की संसदीय मामलों की समिति ने आगामी मानसून सत्र 14 सितम्बर से आहूत करने की सिफारिश की है।

सूत्रों के अनुसार एक अक्टूबर तक चलने वाले इस सत्र के दौरान कुल 18 बैठकें प्रस्तावित हैं। इसे बारे में विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।

बता दें कि मानसून सत्र को लेकर जोरदार तैयारियां चल रही है क्योंकि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर संसदीय इतिहास में बहुत कुछ पहली बार होने जा रहा है।

Advertisement

अधिकारियों के अनुसार उचित दूरी का पालन करने के लिए नई व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। अतः, सदस्यों के बैठने के लिए दोनों सदन कक्षों और दीर्घाओं का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।

राज्यसभा सचिवालय के अनुसार सत्र की कार्यवाही के दौरान उच्च सदन के सदस्य दोनों सदन कक्षों और दीर्घाओं में बैठेंगे। आम तौर पर दोनों सदनों में एक साथ बैठकें होती हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस बार असाधारण परिस्थिति के कारण एक सदन सुबह के समय बैठेगा और दूसरे की कार्यवाही शाम को होगी।

भारतीय संसद के इतिहास में पहली बार इस तरह की व्यवस्था होगी जहां 60 सदस्य सदन कक्ष में बैठेंगे और 51 सदस्य राज्यसभा की दीर्घाओं में बैठेंगे। इसके साथ ही बाकी 132 सदस्य लोकसभा के सदन कक्ष में बैठेंगे।

लोकसभा सचिवालय भी सदस्यों के बैठने के लिए इसी तरह की व्यवस्था कर रहा है । दीर्घाओं से भागीदारी के लिए पहली बार बड़े डिस्प्ले वाली स्क्रीन और कंसोल लगाए जाएंगे। दोनों सदनों के बीच विशेष तार बिछाए जाएंगे और कुर्सियों के बीच पॉलीकार्बोनेट शीट की व्यवस्था होगी।

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने 17 जुलाई को बैठक कर सत्र चलाने के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार-विमर्श करने के बाद दोनों सदनों के चैंबरों और दीर्घाओं का उपयोग करने का निर्णय किया। नायडू ने अधिकारियों को अगस्त के तीसरे सप्ताह तक सत्र के लिए तैयारियां पूरी कर लेने का निर्देश दिया था, ताकि इस व्यवस्था का मुआयना हो जाए और इसे अंतिम रूप दिया जा सके ।

राज्यसभा सचिवालय भी इस काम के लिए पिछले दो हफ्ते से लगातार काम कर रहा है। महामारी की वजह से संसद के बजट सत्र की अवधि में कटौती कर दी गयी थी और 23 मार्च को दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। परंपरा के तहत दो सत्रों के बीच छह महीने का अंतराल नहीं होना चाहिए।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: संसद का मॉनसून सत्र, संसद सत्र, संसद, 14 सितम्बर से 1 अक्टूबर, संसदीय समिति, सिफारिश, Cabinet Committee on Parliamentary Affairs, Monsoon Session, Indian Parliament, कोरोना वायरस, कोविड19
OUTLOOK 25 August, 2020
Advertisement