Advertisement
11 August 2018

केंद्र में सत्ता हासिल करने का एक्सप्रेस वे यूपी से : राजनाथ

ANI

मेरठ से शशिकांत

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में साढ़े तीन सौ सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है और मुझे लगता है कि इसे हम हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र में जो पूर्ण बहुमत हासिल हुआ था, उसमें सर्वाधिक योगदान यूपी का था और इस बार भी 2019 में केंद्र में सत्ता हासिल करने का एक्सप्रेस वे यदि कहीं से गुजरेगा तो यहीं से गुजरेगा। इस बार भाजपा 73 से भी बेहतर करेगी, यह संकल्प हमें लेकर लगने की जरूरत है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कांठ की हांडी दुबारा नहीं चढ़ने वाली। यह एक बार 2004 से 2014 तक चढ़ चुकी है।

यह बातें उन्होंने मेरठ में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि हमारी राजनीतिक यात्रा का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं है। हम देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं, सरकार बनाने के लिए नहीं। हमारी राजनीतिक यात्रा का जो दौर चल रहा है, एकता, अखंडता, संप्रभुता की रक्षा के लिए चल रहा है। कैसे सरकार चलाई जाती है? या तो अटल जी की सरकार थी या अब मोदी जी की है। उन्होंने कहा कि भारत के बारे में अब लोगों की धारणा बदल गई है। अब कमजोर भारत नहीं रहा। जिस सरकार ने इतना काम किया, जो सरकार भारत का विश्व में मस्तक ऊंचा किया है, वह विपक्ष को पच नहीं रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस एंड कंपनी संसद में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ले आई। कांग्रेस के अध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता हमारे प्रधानमंत्री को प्यार करती है, वह संसद में प्रधानमंत्री को प्यार करने चले गए। संसद के अंदर आपको चिपको अभियान देखने को नहीं मिला होगा। जिस पार्टी का अध्यक्ष संसद की गरिमा नहीं रख सकता, वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि दुनिया में निवेशक अगर कहीं आकर्षित हो रहे हैं तो वह भारत है।

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के निर्माण को लेकर पिछली सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार दिसंबर 2016 में 15 हजार करोड़ में एक्सप्रेस वे बना रही थी, जबकि डेढ़ साल बाद हम 11 हजार आठ सौ करोड़ में उससे चौड़ा और अच्छा हम बनाने जा रहे हैं। ये तीन हजार करोड़ कहां जाता, कौन लोग इसके पीछे थे। उन्होंने कांवड़ मेले पर कहा कि पिछले साल कांवड़ मेला के समय यह प्रश्न उठा था कि इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ प्रतिबंध होने चाहिए, लेकिन हमने कहा कि हमारे यहां पर्व और त्योहार प्रतिबंध से नहीं चलते हैं। पर्व और त्योहार आपसी विश्वास से चलते हैं। बुलंदशहर की घटना को छोड़ दिया जाए तो प्रदेश में कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हुई है।  

उन्होंने दलितों को लेकर हो रही राजनीति पर कहा कि इस बात के आरोप लगते हैं कि भाजपा सरकारें दलित विरोधी हैं, मैं पूछना चाहता हूं, उन लोगों से कि केंद्र में भाजपा की सरकार आने से पहले इस देश के अंदर गरीब, गांव, किसान, वंचित, दलित, अति पिछड़ों की आवाज क्यों नहीं बन पाए थे। मैं पूछना चाहता हूं उन लोगों से भेदभाव कौन कर रहा था और तो और भारत के एक्ट और भारत के पैक्ट से संचालित होने वाली अलीगढ़ मुसलिम यूनिवर्सिटी में अनुसूचित जाति और जन जाति को आरक्षण का लाभ क्यों नहीं मिला पाया, क्या कभी इस बात को उठाने का प्रयास हुआ। क्यों इन मुद्दों को लेकर लोग मौन हो जाते हैं।

बेटियों को संपूर्ण सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता: पांडेय

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि प्रदेश में पूर्व की बसपा और सपा सरकारों द्वारा मचाई गई लूट के खुलासों और जांच की कार्यवाई से बेचैन भ्रष्ट विपक्ष नकारात्मक हमले कर रहा है। प्रदेश में जब हमारी प्रचंड बहुमत की सरकार बनी थी तब विरासत में हमें भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, अराजकता, गुण्डागर्दी, का वातावरण मिला था। योगी जी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों पर कठोर कार्यवाही कर प्रदेश को भयमुक्त वातावरण का निर्माण किया। सामाजिक मान्यताओं, विशमताओं को मिटानें में अभी हमें और कार्य करना बाकी है। बेटियों को संपूर्ण सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। अत्याचार और अनाचार को दूर हटाकर स्वस्थ्य समाज बनाना हमारी अभिलाषा है। हमारी सरकार इस दिशा में प्रयत्नशील है। पिछले डेढ़ साल में हमारी सरकार ने बेदाग सफर तय किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rajnath singh, uttar Pradesh, bjp, working comitee, Expressway, power, Center
OUTLOOK 11 August, 2018
Advertisement