Advertisement
27 September 2021

यूपीः योगी मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों में विभागों का हुआ बंटवारा; जितिन प्रसाद को टेक्निकल एजुकेशन, जाने किसे क्या मिला

ANI

योगी मंत्रिमंडल में शामिल सभी सात विधायकों को सोमवार को विभागों की जिम्मेदारी दे दी गई। इसकी जानकारी खुद सीएम योगी ने ट्वीट से दी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले हुए कैबिनेट विविस्तार में सात चेहरों ने मंत्री पद की शपथ ली थी।  जिसमें जितिन प्रसाद को टेक्निकल एजुकेशन विभाग दिया गया है।.

रविवार को जिन सात विधायकों को मंत्री बनाया गया था उनमें केवल जितिन प्रसाद को कैबिनेट और अन्य लोगों को राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। राज्य मंत्री पल्टू राम को सैनिक कल्‍याण, होमगार्ड, प्रान्‍तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग दिया गया है। राज्य मंत्री डॉ. संगीता बलवंत को सहकारिता विभाग और धर्धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास विभाग का दायित्व प्रदान किया गया है।

राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार को राजस्‍व विभाग, राज्य मंत्री संजीव कुमार को समाज कल्‍याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्‍याण विभाग, राज्य मंत्री दिनेश खटीक को जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का जिम्मा मिला है। विभागों के बंटवारे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट में शामिल सभी नए सदस्यों को बधाई दी।

Advertisement

सीएम योगी ने ट्वीट करके कहा- ''उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में कल शामिल हुए सभी नए सदस्यों को आज विभागों का दायित्व प्राप्त हो गया है। मुझे विश्वास है कि आप सभी के कुशल, अनुभवी एवं कर्मठ नेतृत्व में संबंधित वि... संबंधित विभाग विकास की नई ऊंचाइयों को छूएंगे।. आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं।''

रविवार शाम राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री तथा छत्रपाल सिंह गंगवार, पल्टू राम, डा.संगीता बलवंत, संजीव कुमार, दिनेश खटीक और धर्मवीर प्रजापति को राज्य मंत्री के तौर पर पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन सात नए मंत्रियों को मिलाकर टीम योगी आदित्यनाथ में अब कुल 60 सदस्य हो गए हैं जो मंत्रिमंडल की अधिकतम संख्या है। इनमें 24 कैबिनेट मंत्री, नौ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 27 राज्य मंत्री हैं। हालांकि, योगी सरकार में आधी आबादी महिलाओं का प्रतिनिधित्व उनकी आबादी के लिहाज से नहीं है। मौजूदा समय में चार महिला मंत्री शामिल हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: UP, यूपी, कैबिनेट, portfolios, new ministers, Yogi cabinet; Jitin Prasad, जितिन प्रसाद, technical education
OUTLOOK 27 September, 2021
Advertisement