Advertisement
02 February 2024

आज दिल्ली में 'आप' और 'भाजपा' का एक-दूसरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, सुरक्षा कड़ी, अतिरिक्त पुलिसबल तैनात

राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट है। पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। पुलिस को दिल्ली के कई इलाकों और पंजाब से भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के आने की सूचना मिली है। उधर, दिल्ली बीजेपी ने भी आज ही ‘आप’ मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। पुलिस ने उन्हें भी अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हालात के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिकबलों के करीब 1000 जवान तैनात रहेंगे।

दरअसल, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धांधली के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के पास आम आदमी पार्टी प्रदर्शन कर रही है। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे। ‘आप’ का आरोप है कि भाजपा देश के लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था को खत्म कर रही है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में हुई धांधली और धक्काशाही इसका ताजा उदाहरण है।

‘आप’ ने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को हराना बेहद जरूरी है। जिस तरह से भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला कर रही है, अगर वह 2024 में फिर सत्ता में आ गई तो वे चुनावी प्रक्रिया को ही खत्म कर देंगे।

Advertisement

चंडीगढ़ में हुए मेयर चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस से हाथ मिलाने के बावजूद आम आदमी पार्टी को वहां मात खानी पड़ी थी क्‍योंकि पीठासीन अधिकारी ने 8 वोट अवैध करार दे दिए थे। अरविंद केजरीवाल ने इसे बेईमानी बताया था और कहा था कि वोटों की गिनती के दौरान दिनदहाड़े बेईमानी करके भाजपा को जिता दिया गया। लोकतंत्र के लिए यह बेहद खतरनाक है। केजरीवाल ने वोटों की चोरी होने का आरोप लगाया था, आम आदमी पार्टी ने इसके पीछे भाजपा की साजिश बताई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 'AAP', 'BJP', protest, Delhi, security tightened, additional police force, deployed
OUTLOOK 02 February, 2024
Advertisement